रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में टीवी सितारों के बीच जबरदस्त जंग देखने को मिल रही है. टीवी सितारे लड़ाई-झगड़े में हदें पार कर रहे हैं और एक दूसरे को गालियां दे रहे हैं. कंटेस्टेंट्स की बदतमीजियों से वीरेंद्र सहवाग इतने ज्यादा परेशान हो गए कि उन्होंने सभी को गुस्से में लताड़ लगा दी.
सहवाग ने शेयर किया किस्सा
वीरेंद्र सहवाग ने फिर कंटेस्टेंट्स को समझाते हुए अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया कि हर कोई उनका मुरीद हो गया. उन्होंने बताया कि जब वो पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट मैच खेल रहे थे, तब पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख्तर ने मैदान में ही उन्हें गालियां दी थीं. लेकिन बदले में शोएब अख्तर को गाली देने के बजाए उन्होंने अपनी धांसू बल्लेबाजी से पाकिस्तान के खिलाड़ियों को जवाब दिया था.
अपना एक्सपीरियंस साझा करते हुए वीरेंद्र सहवाग बोले- 1999 में मैं पहला मैच खेल रहा था. उस वक्त मैं 20 साल का लड़का था. ग्राउंड में जब मैंने कदम रखा, तो शोएब अख्तर मुझे गाली देते हुए लेकर गया और क्रीज तक छोड़कर आया. मैंने फिर उसे बोला मैं बैटिंग कर लूं? जा यहां से... तब वो गया.
यहां देखें वीडियो
सहवाग ने बल्ले से दिया पाकिस्तानी खिलाड़ियों को जवाब
सहवाग आगे बोले- मैंने उस वक्त दो बोले खेलीं और 1 रन बनाया था. मैं उस वक्त क्या करता? उससे लड़ता, उसे गालियां देता या फिर उसे मारता. मैंने तब सोच लिया था कि अगर मैं इनके साथ दोबारा पाकिस्तान के खिलाफ खेला, तो मैं इनकी ऐसी पिटाई करूंगा कि मुझे गाली न देनी पड़े और मेरा बल्ला बोले.
'मैंने तब 309 रन बनाए और अपने बल्ले से जवाब दिया. तब पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने फिर ये फैसला किया कि सहवाग को गालियां मत दो. अगर इसको गालियां दोगे तो ये हमारे खिलाफ और ज्यादा रन बनाएगा. '
वीरेंद्र सहवाग की ये बात सुनकर सभी सेलेब्स उनकी वाहवाही करने लगे. सोशल मीडिया पर भी सहवाग का वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है. लोग उनकी जमकर तारीफें कर रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क