टीवी की मशहूर एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश रियलिटी शोज की क्वीन कहलाई जाती हैं. उन्होंने अभी तक कई सारे रियलिटी शो जैसे बिग बॉस, लाफ्टर शेफ जीता है. वहीं खतरों के खिलाड़ी और नेटफ्लिक्स के देसी ब्लिंग में भी उनका जलवा दिखा है. तेजस्वी अब एक नए रियलिटी शो का हिस्सा बनी हैं, जो हाल ही में रिलीज हुआ है.
एमएक्स प्लेयर का सबसे पॉपुलर गेमिंग शो प्लेग्राउंड सीजन 5 में तेजस्वी की एंट्री हुई है. उनके साथ-साथ एल्विश यादव और आरुष भोला जैसे सोशल मीडिया के जाने-माने चेहरे भी हैं. इस शो में तेजस्वी टीम लीडर की भूमिका में नजर आई हैं, जो वहां आए कंटेस्टेंट्स को चुनकर अपनी टीम बनाती हैं ताकि ऑनलाइन गेम्स खेलकर शो जीता जा सके.
तेजस्वी को किया गया ट्रोल
इसी में एक कंटेस्टेंट की शो पर एंट्री हुई, जिसने तेजस्वी के साथ बदसलूकी करने की कोशिश की. दरअसल, शो पर कंटेस्टेंट ने एक्ट्रेस को छोड़कर आरुष और एल्विश से बात करने की कोशिश की. उन्होंने काफी देर तक तेजस्वी को नजरअंदाज किया, जिससे वो भी थोड़ी नाराज हो गईं. फिर कंटेस्टेंट ने कहा कि उन्होंने कभी तेजस्वी का काम नहीं देखा, इसलिए वो उनसे बात नहीं कर रहे थे.
आगे कंटेस्टेंट ने कहा कि उन्होंने तेजस्वी को रील वगेराह पर देखा है, जहां वो थोड़ी 'वैसी' सी लगती हैं. जब एक्ट्रेस ने उनसे इस वैसे का मतलब समझा, तो कंटेस्टेंट ने उनके उस वीडियो का जिक्र किया जहां वो सुपरस्टार सलमान खान के साथ नजर आई थीं. शो पर आए शख्स ने तेजस्वी के लिए कहा कि वो उस वीडियो में सलमान खान के सामने फाल्तू का क्यूट बन रही थीं, जिसपर एक्टर ने भी उन्हें फटकार लगाई थी. तेजस्वी ने कंटेस्टेंट की बातें पूरी सुनने की कोशिश की.
इसके बाद एक्ट्रेस ने उसे मुंह तोड़ जवाब देने का फैसला किया. उन्होंने कंटेस्टेंट के बर्ताव पर सवाल उठाए, साथ ही उनके बोलने के अंदाज पर उन्हें फटकार लगाई. तेजस्वी ने शख्स को कहा कि वो अब बर्दाश्त के बाहर जा चुके हैं और शो पर महिला विरोधी जैसी बातें कर रहे हैं. एपिसोड के दौरान कुछ देर तक दोनों में गरमा-गरमी हुई.
बता दें कि प्लेग्राउंड 5 में आया कंटेस्टेंट जिस वीडियो की बात कर रहा है, वो दरअसल साल 2021 में बिग बॉस शो की है. इसमें तेजस्वी सलमान के सामने थोड़े अलग अंदाज में बात कर रही थीं, जिससे सुपरस्टार थोड़े नाराज हो गए थे. उन्होंने एक्ट्रेस को फटकार लगाई थी कि वो उनसे इस अंदाज में बात ना करें.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क