सलमान खान की जिंदगी पर फिल्म बनाना आसान नहीं! 'कॉफी विद करण 9' के रैपिड फायर राउंड में जब करिश्मा कपूर ने भाईजान से पूछा कि अगर कभी उनकी बायोपिक बनी, तो वह किस डायरेक्टर को अपनी जिंदगी पर्दे पर उतारने की जिम्मेदारी देंगे? सलमान ने चार बड़े फिल्ममेकर्स के नाम गिना दिए. लेकिन इसके बाद उन्होंने जो कहा, उससे साफ हो गया कि भाईजान अपनी जिंदगी की कहानी दुनिया के सामने खोलने के मूड में बिल्कुल नहीं हैं.
सलमान की बायोपिक के लिए ये 4 डायरेक्टर हैं पहली पसंद!
'कॉफी विद करण 9' के पहले एपिसोड में करिश्मा कपूर उर्फ लोलो ने सलमान खान के सामने दिलचस्प सवाल रखा. उन्होंने पूछा कि अगर उनकी बायोपिक बनाने का मौका मिले, तो वह सूरज बड़जात्या, कबीर खान, संजय लीला भंसाली और डेविड धवन में से किसे चुनेंगे? सलमान ने भी अपने अंदाज में जवाब दिया और बताया कि यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करेगा कि उनकी जिंदगी की कहानी किस अंदाज में दिखाई जानी है.
सलमान ने कहा कि अगर उनकी जिंदगी पर कॉमेडी फिल्म बनती है, तो वह डेविड धवन को चुनेंगे. वहीं, एक पारंपरिक और दर्दभरी प्रेम कहानी के लिए उनकी पसंद संजय लीला भंसाली होंगे. अगर कहानी में एक के बाद एक खूबसूरत प्रेम कहानियां दिखानी हों, तो सूरज बड़जात्या इस काम के लिए सही रहेंगे.
सलमान खान ने अपनी पसंद की लिस्ट में कबीर खान का नाम भी शामिल किया. उन्होंने बताया कि अगर उनकी जिंदगी की घटनाओं पर आधारित एक्शन से भरपूर प्रेम कहानी बनानी हो, तो वह कबीर खान को डायरेक्टर बनाना चाहेंगे. हालांकि, इन चारों नामों का जिक्र करने के बाद सलमान ने ऐसी बात कह दी, जिसने बायोपिक को लेकर सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
'मेरी जिंदगी मेरी कब्र तक जाएगी', सलमान ने क्यों कही ये बात?
सलमान खान ने साफ कर दिया कि उनकी जिंदगी पर कभी बायोपिक नहीं बनेगी. उन्होंने कहा, “लेकिन मेरी जिंदगी पर बायोपिक कभी नहीं बनेगी. मेरी जिंदगी मेरी कब्र तक जाएगी.”
भाईजान के इस बयान से साफ है कि वह अपनी निजी जिंदगी के किस्सों को पर्दे पर दिखाने के पक्ष में नहीं हैं. उनकी जिंदगी में कामयाबी, रिश्तों, विवादों और उतार-चढ़ाव से जुड़े कई चर्चित किस्से रहे हैं, लेकिन सलमान नहीं चाहते कि उनकी पूरी कहानी को फिल्म बनाकर दुनिया के सामने पेश किया जाए. अब सवाल यही है कि जब सलमान खुद अपनी कहानी पर्दे पर लाने के लिए तैयार नहीं हैं, तो क्या कभी कोई फिल्ममेकर उनकी जिंदगी से प्रेरित कहानी बनाने की हिम्मत करेगा?
'कॉफी विद करण 9' में सलमान की वापसी
सलमान खान ने करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' के नौवें और आखिरी सीजन की शुरुआत की है. यह एपिसोड 14 अक्टूबर 2026 को शाम 7 बजे जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हुआ. शो में करिश्मा कपूर की खास मौजूदगी ने पुरानी यादों और बॉलीवुड गपशप का रंग भी जमाया.
इस फाइनल सीजन में बॉलीवुड के कई बड़े सितारों और चर्चित जोड़ियों के आने की चर्चा है. रिपोर्ट्स में शाहरुख खान, आलिया भट्ट, सैफ अली खान और करीना कपूर खान जैसे नाम सामने आए हैं. सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी को लेकर भी अटकलें हैं. हालांकि, इन सभी मेहमानों के नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. खबरों के मुताबिक, शाहरुख खान सीजन के आखिरी एपिसोड में नजर आ सकते हैं.
फिलहाल, सलमान ने अपनी बायोपिक को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है. डायरेक्टर चाहे कोई भी हो, भाईजान की जिंदगी की कहानी पर्दे पर आएगी या नहीं, इसका जवाब तो खुद सलमान ही जानते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क