बॉलीवुड सुपरस्टार दीपिका पादुकोण की आठ घंटे की वर्क शिफ्ट की मांग पिछले कई महीनों से चर्चा का विषय बनी हुई है. एक्ट्रेस के इस बयान के बाद न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री बल्कि टीवी इंडस्ट्री में भी इस पर चर्चा शुरू हो गई.
टीवी जगत के उन कलाकारों के रिएक्शन भी बीते दिनों देखने को मिले, जो बरसों से 14, 18 और यहां तक कि 30-30 घंटे तक लगातार काम करने पर मजबूर हैं. एक तरफ जहां रुबीना दिलैक जैसी एक्ट्रेस इसे एक जरूरी बदलाव मान रही हैं, वहीं बिग बॉस कंटेस्टेंट अशनूर कौर और क्रिस्टल डिसूजा जैसे सितारों के एक्सपीरियंस रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं.
अशनूर ने लगातार 30 घंटे की शूटिंग
टीवी की मशहूर चाइल्ड आर्टिस्ट रहीं अशनूर कौर ने काम के घंटों को लेकर जो खुलासा किया है, वह चौंकाने वाला है. अशनूर Hauterrfly के साथ एक इंटरव्यू में बताया कि जब वह महज 6 साल की थीं और 'शोभा सोमनाथ की' शो कर रही थीं, तब उन्होंने लगातार 30 घंटे तक शूटिंग की थी.
अशनूर के मुताबिक, 'मैं इतनी थक गई थी कि मेरा शरीर जवाब दे चुका था. मेरी मां ने प्रोडक्शन से कहकर मुझे कुछ देर वैनिटी में सुलाया और टीम बाहर मेरा इंतजार करती रही.' इतना ही नहीं, परफेक्ट दिखने के चक्कर में अशनूर ने सिर्फ पानी पर रहकर सख्त डाइट फॉलो की, जिसकी वजह से वह सेट पर बेहोश भी हो गई थीं.
लगातार काम करने का यह 'टॉक्सिक कल्चर' सिर्फ अशनूर तक सीमित नहीं हैं. टीवी की टॉप एक्ट्रेसेस में शुमार क्रिस्टल डिसूजा ने बताया था कि वह लगातार 60 घंटे काम करने के बाद सेट पर ही गिर पड़ी थीं. वहीं, 'कसौटी जिंदगी की' फेम श्वेता तिवारी ने लगातार 72 घंटे और एक्टर हितेन तेजवानी ने 48 घंटे से ज्यादा काम करने की बात स्वीकार की है.
दीपिका की मांग जायज- रुबीना
'बिग बॉस 14' की विनर रुबीना दिलैक ने दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट वाली मांग का खुलकर समर्थन किया है. न्यूज एजेंसी से बात करते हुए रुबीना का मानना है कि काम के घंटे 'सम्मानजनक' होने चाहिए. उन्होंने कहा, 'मैंने खुद इंडस्ट्री में 17-17 घंटे काम किया है. मैं यह नहीं कह रही कि प्रोड्यूसर या नेटवर्क को पैसे का नुकसान होना चाहिए. हर किसी को आराम करने का समय मिलना चाहिए, क्योंकि इससे उनकी क्रिएटिविटी और निखरेगी. साथ ही, दीपिका पादुकोण ने कोई भी ऐसी मांग नहीं की है जो पूरी न की जा सके. अगर मैं कभी प्रोड्यूसर बनी, तो यह सुनिश्चित करूंगी कि काम 8 घंटे में ही खत्म हो जाए. आराम मिलने से कलाकारों की क्रिएटिविटी बढ़ती है.'
वहीं रुबीना के पति अभिनव शुक्ला का कहना है कि लंबे समय तक काम करना तब तक ठीक है जब तक वह अपनी मर्जी से हो, लेकिन बिना पैसे दिए किसी से जबरदस्ती काम कराना पूरी तरह गलत है.
दीपिका पादुकोण की आठ घंटे की वर्क शिफ्ट की मांग ने फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के बीच के बड़े अंतर को उजागर कर दिया है. फिल्मों में जहां बड़े सितारे अपनी शर्तें मनवाने की स्थिति में होते हैं, वहीं टीवी एक्टर्स को अक्सर 'डेली सोप' के चक्कर में अपनी नींद और सेहत की कुर्बानी देनी पड़ती है. रुबीना और अभिनव का मानना है कि अब समय आ गया है जब टीवी इंडस्ट्री में भी काम के घंटों को रेगुलेट करने के लिए कड़े नियम बनाए जाएं, ताकि कलाकारों को मशीन की तरह इस्तेमाल न किया जाए.
हाल ही में खबर आई कि प्रियंका चाहर चौधरी ने 'नागिन 7' में लगातार 36 घंटे तक शूट किया है. रिपोर्ट के मुताबिक मेकर्स की डिमांड के हिसाब से प्रियंका चौधरी ने भी नागिन के सेट पर 36 घंटे तक लगातार शूट किया. लगातार 3 दिन तक शूट करने के बाद ही मेकर्स ने उन्हें घर जाने की परमिशन दी.
aajtak.in