टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना ने सेलिब्रिटीज की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. इस घटना के बाद से सलमान खान की सुरक्षा भी चर्चा में है. टाइगर पर फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस ने सलमान की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है. आज सलमान खान मुंबई में आयोजित IIFA की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेहद कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच पहुंचे.
इस दौरान सलमान खान बेफिक्र नजर आए और उन्होंने मुस्कुराते हुए पैपराजी के सामने पोज भी दिए. टाइगर के साथ हुई घटना के बाद सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. उनके घर के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात नजर आए. इसके अलावा, बुलेटप्रूफ जैकेट पहने पुलिस अधिकारी भी तैनात किए गए हैं, ताकि उनकी सुरक्षा में कोई चूक न हो. पुलिस आसपास के इलाके में होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है.
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सलमान के घर के बाहर लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है. उनके घर के बाहर गाड़ियां खड़ी करने की अनुमति भी नहीं दी जा रही है. इसके चलते उनके फैंस को सलमान की एक झलक पाने में परेशानी हो रही है. बता दें कि सलमान खान को पहले से ही Y-प्लस सुरक्षा मिली हुई है.
आपको बता दें कि खबरों के मुताबिक, हमलावरों का पहला निशाना सलमान खान थे. आरोप है कि हमलावरों ने सलमान की सुरक्षा व्यवस्था की रेकी की थी, लेकिन सुरक्षा के कड़े इंतजामों को देखते हुए उन्होंने अपना प्लान बदलने का फैसला किया. इसके बाद हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखी और उन्हें निशाना बनाया. इस घटना के बाद पुलिस कई सेलिब्रिटीज की सुरक्षा को लेकर सतर्क नजर आ रही है.
सलमान खान के वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता जल्द ही फिल्म 'मातृभूमि' में नजर आएंगे. यह फिल्म इस साल अप्रैल में रिलीज होने वाली थी, लेकिन किसी कारण से इसकी रिलीज टाल दी गई. इसके अलावा, सलमान निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की अगली फिल्म में भी नजर आएंगे. यह फिल्म अगले साल ईद के मौके पर रिलीज होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क