तमिल सिनेमा में अब थलपति विजय का जादू नहीं दिखेगा, क्योंकि वो राजनीति में आ चुके हैं. विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं, राज्य में अब उनकी सरकार चलने वाली है. थलपति को नायक बनाने के पीछे उनके फैंस का बहुत बड़ा हाथ है. मगर तमिल सिनेमा से उनका जाना एक बहुत बड़ा धक्का भी है.
थलपति विजय ने तमिल सिनेमा को अपने फिल्मी करियर में कई बड़ी हिट फिल्में दीं, जिसकी वजह से उनके चाहने वालों की संख्या करोड़ों में भी है. पिछले 10 सालों में विजय की लगभग हर फिल्म बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई है. जब पिछली बार थलपति फिल्म ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम (GOAT) में नजर आए थे, तब उसने भी बड़े पैसे कमाए थे.
थलपति से मिले फिल्म गोट के डायरेक्टर
फिल्म ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम को वेंकट प्रभु ने डायरेक्ट किया था, जो तमिल सिनेमा की एक बड़ी हस्ती है. उन्होंने विजय के साथ मिलकर दो बड़ी फिल्में बनाईं. अब वो एक्टर से नेता बन चुके विजय से मिलने पहुंचे और उन्हें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के लिए मुबारकबाद भी दी.
वेंकट प्रभु थलपति विजय के लिए एक खास तोहफा लेकर गए. उन्होंने सीएम को स्पेशल नंबर प्लेट (TN07CM2026) गिफ्ट दी, जिसमें विजय के सीएम और 2026 को शामिल किया गया है. खास बात ये है कि ये नंबर प्लेट विजय की फिल्म ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम में भी उनकी गाड़ी पर लगी नजर आई थी. वेंकट प्रभु ने विजय के सीएम बनने की बात काफी पहले ही सोच ली थी, और अब चूंकि ये बात पूरी हो गई, तो उन्होंने इस नंबर प्लेट को विजय को गिफ्ट करने की सोची.
डायरेक्टर ने विजय से मुलाकात पर लिखा, 'इतिहास बन चुका है. एक सोच से विजन तक और अब इस पल तक. हमारे माननीय सीएम विजय से मिलकर बहुत अच्छा लगा और आज हम गोट में हमारी सबसे पहली कल्पना को उन्हें प्रेजेंट कर रहे हैं. बाकी ये तो सिर्फ शुरुआत है.'
थलपति विजय सीएम तो बन गए हैं, लेकिन वो अभी भी एक आखिरी बार बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं. उनकी आखिरी फिल्म जन नायगन के जल्द रिलीज होने की संभावना बनती दिख रही है. कई रिपोर्ट्स हैं कि पांच महीने तक अटकने के बाद, फिल्म को जून या जुलाई में रिलीज कर दिया जाएगा.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क