टीवी इंडस्ट्री के पॉपुलर एक्टर अर्जुन बिजलानी और उनकी बेहद करीबी दोस्त मौनी रॉय के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से अफवाहें उड़ रही हैं. इन बेबुनियाद खबरों और गॉसिप्स पर अब खुद अर्जुन बिजलानी का गुस्सा फूट पड़ा है. उन्होंने अपनी दोस्ती को बदनाम करने वाले गॉसिप पेजों को आड़े हाथों लेते हुए साफ शब्दों में कहा है कि वे महज कुछ व्यूज और क्लिक्स के लिए सनसनीखेज हेडलाइन बनाना बंद करें.
दरअसल यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब एक पैपराजी पेज ने मुंबई के एक रेस्टोरेंट से बाहर निकलते हुए दोनों का एक वीडियो शेयर किया और उसमें यह इशारा करने की कोशिश की कि दोनों के बीच कोई गुपचुप अफेयर चल रहा है. अर्जुन का यह तीखा बयान मौनी रॉय के उस गुस्से के ठीक एक दिन बाद आया है, जिसमें मौनी ने बिना इजाजत लगातार तस्वीरें खींचने पर पैपराजी को खरी-खोटी सुनाई थी.
अर्जुन का करारा जवाब
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन अफवाहों पर रिएक्शन देते हुए अर्जुन बिजलानी ने एक बयान जारी किया है. उन्होंने किसी खास पेज का नाम तो नहीं लिया, लेकिन सनसनी फैलाने वाले पोर्टल्स की जमकर क्लास लगाई. अर्जुन ने लिखा, 'प्रिय क्लिकबेट पेजों, दो लोग जिनकी दोस्ती 15 साल से भी ज्यादा पुरानी है, वे अचानक सिर्फ इसलिए कपल नहीं बन जाते क्योंकि किसी गॉसिप पेज को अपनी वेबसाइट के लिए एक मसालेदार हेडलाइन की जरूरत है.'
उन्होंने आगे लिखा, 'कभी-कभी लोग सिर्फ एक-दूसरे को सहारा देने के लिए साथ होते हैं, खासकर तब जब कोई दोस्त अपनी जिंदगी के किसी बेहद कठिन दौर से गुजर रहा हो. हर दोस्ती को व्यूज बटोरने के लिए रोमांटिक एंगल देने की जरूरत नहीं होती. कुछ भी पब्लिश करने से पहले थोड़ी सच्चाई की जांच करना बेहद जरूरी है.'
उन्होंने अंत में लिखा, 'यह देखना वाकई बहुत दुखद है कि कुछ पेज सिर्फ अपने फायदे के लिए बिना किसी सिर-पैर की कहानियां छाप देते हैं. एक पुरुष और एक महिला के बीच की हर सामान्य बातचीत या मुलाकात को एक गलत और झूठी कहानी में नहीं बदला जाना चाहिए.'
क्रिस्टल डिसूजा ने भी गॉसिप पेजों को लताड़ा
इस पूरे मामले में अर्जुन बिजलानी को अपनी इंडस्ट्री के दोस्तों का भी पूरा साथ मिल रहा है. मशहूर एक्ट्रेस क्रिस्टल डिसूजा ने भी उस सोशल मीडिया पोस्ट पर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की, जिसमें अर्जुन और मौनी के अफेयर का दावा किया जा रहा था. क्रिस्टल ने उस पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, 'यह क्या बकवास है! सिर्फ व्यूज पाने के लिए आप लोग कुछ भी पोस्ट कर देंगे.'
15 साल पुरानी है अर्जुन और मौनी की दोस्ती
आपको बता दें कि अर्जुन बिजलानी और मौनी रॉय की दोस्ती कोई आज की नहीं है, बल्कि दोनों पिछले 15 सालों से भी ज्यादा समय से एक-दूसरे के बेहद पक्के दोस्त रहे हैं. दोनों ने टीवी के कई बड़े और सुपरहिट प्रोजेक्ट्स में साथ काम किया है, जहां दर्शकों ने उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को बेहद पसंद किया.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क