इजराइल ने ईरान पर शनिवार, 28 फरवरी की सुबह हमला बोल दिया. इजरायल के रक्षा मंत्री ने इस हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि यह कदम ईरान की बढ़ती खतरनाक गतिविधियों को रोकने के लिए उठाया गया है. इस हमले से भड़के ईरान ने इजरायल को जवाब देते हुए मिडिल ईस्ट में स्थित अमेरिका के 7 सैन्य अड्डों पर बैलेस्टिक मिसाइलों से हमला किया.
वक्त के साथ बढ़ रहे इस तनाव ने दुनियाभर में खलबली मचा दी है. हालांकि ये जंग और तनाव सिर्फ असल जिंदगी तक ही सीमित नहीं है. इजरायल और ईरान के रिश्ते लंबे वक्त से अच्छे नहीं रहे हैं, जिन्हें सिनेमा पर भी अलग-अलग कहानियों के साथ दर्शकों तक पहुंचाया गया है. आज हम भी आपको ऐसी ही कुछ फिल्मों और सीरीज के बारे में बता रहे हैं.
फौदा
फौदा का अरबी अर्थ होता है 'अराजकता'. 2015 में आई ये इजराइली एक्शन-ड्रामा सीरीज, इजराइली अंडरकवर यूनिट 'मिस्ता'अरविम' (Mista'arvim) की कहानी बताती है. इसमें कमांडर दोरॉन कविलियो और उसकी टीम हमास के आतंकवादियों का पीछा करते है. खासकर एक ऐसे आतंकवादी का जिसे वे मरा हुआ समझते थे. सीरीज इजराइली-फिलिस्तिनी संघर्ष के दोनों पक्षों को दिखाती है, जिसमें एक्शन, बदला और मानवीय भावनाएं शामिल हैं.
तेहरान
'तेहरान', आज के समय की सबसे फेमस इजराइली स्पाई थ्रिलर सीरीज है. एपल टीवी के इस शो में एक मोसाद एजेंट तमार रबिनयान को ईरान की राजधानी तेहरान में अपना पहला मिशन पूरा करना होता है. रबिनयान, ईरानी यहूदी मूल की है. वह एक कंप्यूटर हैकर के रूप में घुसपैठ करती है ताकि ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को नाकाम किया जा सके. सीरीज में फारसी, हिब्रू और अंग्रेजी भाषा का इस्तेमाल किया गया है है. साथ ही इसमें तनाव, धोखे और सर्वाइवल की कहानी दिखाई गई है.
रेड अलर्ट
'रेड अलर्ट', जानी मानी इजराइली मिनी सीरीज है, जो 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमलों पर आधारित है. इसमें आम नागरिकों की कहानियां दिखाई गई हैं जो अचानक हमले के बीच फंस जाते हैं. अपने बच्चों को बचाते हुए मां-बाप, पुलिस अधिकारी और अन्य लोग हीरो बन जाते हैं. ये सीरीज असली जिंदगी की घटनाओं से प्रेरित है और उस दिन के आतंक, बहादुरी और सर्वाइवल को दर्शाती है.
द स्पाई
नेटफ्लिक्स की मिनी सीरीज 'द स्पाई', असली इजराइली मोसाद जासूस एली कोहेन (Eli Cohen) की सच्ची कहानी पर आधारित है. शो में 1960 के दशक की कहानी को दिखाया गया है, जिसमें एली कोहेन (Sacha Baron Cohen) सीरिया में गहराई से घुसपैठ करते हैं, खुद को कामेल अमीन थाबेट के रूप में पेश करते हुए सीरियाई सरकार के उच्च पदों तक पहुंचते हैं. सीरीज उनके खतरनाक मिशन, दोस्ती और अंत में पकड़े जाने की घटना दिखाती है. इसमें लीड रोल हॉलीवुड एक्टर Sacha Baron Cohen ने निभाया था, जिसकी काफी तारीफ हुई थी.
वैली ऑफ टियर्स
वैली ऑफ टियर्स सीरीज 1973 के यॉम किप्पुर युद्ध (रमजान युद्ध) पर आधारित है. खासकर उत्तरी मोर्चे (गोलन हाइट्स) पर. युद्ध के पहले दिनों में सीरियाई हमले के बीच इजराइली सैनिकों, टैंक क्रू और आम लोगों की बहादुरी, हानि और लड़ाई दिखाई गई है. यह युद्ध के भयानक और भावनात्मक प्रभाव को दर्शाती है.
मोसाद 101
यह सीरीज मोसाद के एक सीक्रेट ट्रेनिंग कोर्स 'हामिद्राशा' पर आधारित है. 13 ट्रेनी अलग-अलग बैकग्राउंड से आते हैं और उन्हें असामान्य, कठिन मिशनों से परखा जाता है. इसमें घुसपैठ, छल, पर्सनैलिटी बदलना शामिल है. कमांडर योना ट्रेनियों से उच्च स्तर की क्रिएटिविटी और परफॉरमेंस की मांग करता है. सीरीज में एजेंट्स के मानवीय पक्ष को भी दिखाया गया है.
द प्रिजनर्स ऑफ वॉर / हटुफिम
यह इजराइली ड्रामा सीरीज 17 साल तक कैद में रहने के बाद दो इजराइली सैनिकों (निमरोद और उरी) के घर लौटने की कहानी है. उन्हें राष्ट्रीय हीरो माना जाता है, लेकिन वे ट्रॉमा, टॉर्चर और परिवार में बदलाव से जूझते हैं. सीरीज कैद के दौरान की घटनाओं, नैतिक दुविधाओं और समाज में पुनर्वास को गहराई से दिखाती है. यह अमेरिकन सीरीज 'होमलैंड' की ओरिजिनल प्रेरणा रही है.
फॉल्स फ्लैग
इजराइली थ्रिलर सीरीज 'फॉल्स फ्लैग', पांच आम इजराइली नागरिकों की कहानी है, जो एक सुबह उठते हैं और मीडिया में देखते हैं कि उन्हें ईरानी रक्षा मंत्री के अपहरण का मुख्य संदिग्ध बताया जा रहा है. मोसाद पर शक होता है, लेकिन वे निर्दोष हैं. सीरीज में साजिश, रहस्य, ट्विस्ट और इन लोगों की जिंदगी उलट-पुलट होने की घटनाएं हैं.