नाकाम कोशिश और लगातार फेल हुए IVF प्रोसिजर्स के बाद भोजपुरी एक्ट्रेस संभावना सेठ की जिंदगी में वो पल आ गया जब खुशियों ने न सिर्फ उनके घर के दरवाजे पर दस्तक दी बल्कि, सीधे अंदर चली आई. वो सरोगेसी से 45 साल की उम्र में जुड़वा बच्चों की मां बनीं.
संभावना और उनके पति अविनाश द्विवेदी फूले नहीं समाए जब 4 जून को उन्हें ट्विन्स- एक बेटा और एक बेटी हुए. वो बड़ी ही केयर के साथ उन्हें अपने घर लेकर आए, जहां सबका ग्रैंड वेलकम हुआ.
संभावना और अविनाश ने अपने बच्चों का ना तो अभी तक नामकरण किया और न ही उनका चेहरा दिखाया है, लेकिन उनसे जुड़ी बाकी छोटी-बड़ी अपडेट्स वो हर दिन अपने व्लॉग्स के जरिए देते रहते हैं.
नए व्लॉग में उन्होंने दिखाया कि कैसे बच्चों के दादा-दादी और बुआ-फूफा और कजिन्स उनके आने से खुश हैं और बेशकीमती तोहफों की बरसात कर रहे हैं.
संभावना के बच्चों को ससुरालवालों ने एक नहीं बल्कि कई सोने-चांदी के गहने, नए कपड़े, खिलौने समेत खूब सारा आशीर्वाद और काफी चीजें गिफ्ट में दीं. ये देख एक्ट्रेस अपनी भावनाएं रोक नहीं पाईं.
बच्चों के लिए दादा-दादी और बुआ-फूफा का इतना प्यार देख संभावना के आंसू छलक पड़े. वो फूट-फूट कर रोईं, सास-ससुर और ननद गले लगाकर उन्हें शांत कराते नजर आए.
रोते हुए संभावना ने अपने जज्बात जाहिर किए और बताया कि किस बेसब्री से सभी बच्चों के इंतजार में थे. पूरा घर तोहफों से भर दिया है, इतना तो शादी पर नहीं दिया था.
संभावना की बातों का जवाब देते हुए सास ने कहा कि जब तुम्हारी शादी हुई थी तब हमारी उतनी हैसियत भी नहीं थी कि ज्यादा कर पाते. ये सुन संभावना भी तुरंत कहती हैं, हम में से किसी की नहीं थी. लेकिन आज भगवान का आशीर्वाद है कि हमें सब कुछ मिल गया है.
संभावना ने सास-ससुर के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और बार-बार व्लॉग में एक ही बात कहती नजर आईं कि ऐसा परिवार भगवान सबको दे.