बॉलीवुड के हीरो नंबर वन गोविंदा की पर्सनल लाइफ खूब सुर्खियों में रही है. पत्नी सुनीता आहूजा ने उनपर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर से लेकर, उनकी संगत खराब होने तक के कई आरोप लगाए. जवाब में गोविंदा ने इसे अपने खिलाफ हो रही साजिश करार दिया. अब सुनीत ने अपने व्लॉग के जरिए बताया है कि गोविंदा ने अपनी जिंदगी में जितनी गलतियां कि हैं, उसके लिए वो क्या कभी उन्हें माफ कर पाएंगी?
गोविंदा को माफ कर पाएंगी सुनीता?
सुनीता ने गोविंदा के नेचर और करियर का जिक्र करते हुए उनकी तारीफ तो की ही, लेकिन साथ ही बता दिया कि वो जिंदगीभर उनकी हरकतों से कितनी परेशान रहीं.
सुनीता से जब पूछा गया कि क्या आपकी माफी की लिस्ट में गोविंदा का नाम है? तो वो थोड़ी ठिठक गईं. फिर वो जोर से हंसी और बोलीं- देखो, क्या पता कभी हो. वो मेरे बचपन का प्यार है. अगर वो सुधर जाए, हमारे हिसाब से रहे तो मैं माफ तो जरूर कर दूंगी उसको. ये सब जो न्यूज में आ रहा है ना मुझे ये सब नहीं सुनना है. क्योंकि ये कोई उम्र नहीं है, मैं मेनोपॉज से गुजर रही हूं, ऐसे में ये सब सुनने का कोई वक्त नहीं है. ये जो वक्त होता है ना औरतों का, उसमें महिलाओं को अपने पति और बच्चों का साथ चाहिए होता है. हमारी भावनाएं अपने आप में ही इतनी उमड़ रही होती हैं, तब हमें सिर्फ प्यार चाहिए होता है. इसलिए तो मैं इतनी पूजा पाठ करती हूं कि शांत रह सकूं.
मां की मौत के बाद बदल गए गोविंदा
आगे सुनीता ने गोविंदा अफेयर की ओर इशारा करते हुए कहा कि- मैं क्या सोचती हूं कि जिंदगी भर तो आप ये सब नहीं कर सकते हैं. एक उम्र के बाद तो बीवी बच्चे ही काम आएंगे. गोविंदा से कभी कुछ पूछने की कोशिश करो तो सीधा जवाब नहीं मिलेगा. उनके साथ विवाद शुरू से जुड़ा हुआ था. लेकिन मैं कभी इनसिक्योर नहीं हुई. क्योंकि उनकी मां जिंदा थीं. जबसे उनकी मां का निधन हुआ है, ये लाइफ में छुट्टा हो गया है. ये अपनी मां से इतना डरता था कि एक टेबल भी इधर से उधर नहीं करेगा. जबसे वो गई हैं ये बिगड़ गया है. किसी की नहीं सुनता. इसे डर नहीं रहा किसी का. मैं तो पूजती थी उनको. वो थीं तो सब सही था.
'मैंने हमेशा कहा है कि गोविंदा की संगत सही नहीं है. आज उसके जैसा एक्टर कोई नहीं है. लेकिन क्या कर रहा है. दुख होता है कि उसके जैसा लिजेंडरी एक्टर स्कूलों के फंक्शन में नाच रहा है. मुझे सुनने में बुरा लगता है. जब तक मैं उसे मैनेज करती थी उसे फूलों की तरह रखती थी. आज कई मैनेजर्स आ गए हैं, जो पैसे भी लेते हैं, वो कहेंगे आज यहां जाना है, वो चला जाएगा. इतना सीधा है. उसे रियलाइज ही नहीं होता है कि उसका स्टारडम चला गया है.'
पूछे जाने पर कि क्या गोविंदा ने मां के डर से सुनीता से रिश्ता जोड़ा था? सुनीता बोलीं कि वो हीरो है, इतना भी बच्चा नहीं था कि गोद में डाल दिया गया है. मैं तो खुद कह चुकी हूं कि हीरो नंबर 1 है, एक दो अफेयर होना तो अच्छा है, तो जबरदस्ती जैसी कोई चीज नहीं है.
aajtak.in