उत्तराखंड में एक नवरात्रि कार्यक्रम में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस को लेकर चल रहे विवाद के बीच मीका सिंह ने मुंबई में एक प्रेस कॉनफ्रेंस की. मीका सिंह बड़े भाई दलेर मेहंदी पर लगे आरोपों पर बात की.
उन्होंने कहा कि 'आज सुबह ही मेरी बात उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई, जो मेरे बड़े भाई और अच्छे दोस्त हैं. उनका मैं बहुत सम्मान करता हूं. जब भी मैं देहरादून जाता हूं, तो वो मुझसे बहुत आत्मीयता से मिलते हैं और स्वभाव से बेहद सरल हैं. उन्होंने जिस तरह से दलेर पाजी और मुझसे बात की, वो बहुत ही विनम्र और शालीन थी. उन्होंने एक मंत्री की ओर से माफी मांगी, जबकि मैंने उनसे कहा कि इसकी कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि उनकी तो कोई गलती ही नहीं थी.'
झूठा है आरोप
मीका ने कहा कि मंत्री जी ने मंच पर दलेर जी पर नशे में होने और ठीक से खड़े भी न हो पाने का झूठा आरोप लगाया. इससे उनकी छवि को जो नुकसान पहुंचा है, वो गलत है और मैं उन्हें इसके लिए कभी माफ नहीं करूंगा. ऐसे में, दलेर जी ने एक दोस्त के नाते मदद के लिए कदम आगे बढ़ाया. वो अपनी तबीयत खराब होने के बावजूद बिस्तर से उठे और डेढ़ घंटे तक परफॉर्म किया. दोस्त अक्सर ऐसी स्थितियों में बिना किसी हिचकिचाहट के एक-दूसरे का साथ देते हैं. दलेर जी ने बिना किसी पहले से रिकॉर्ड किए गए ट्रैक का सहारा लिए पूरी लाइव परफॉरमेंस दी और दर्शकों का दिल जीत लिया.
मंत्री जी के आरोपों पर कटाक्ष करते हुए मीका सिंह ने कहा कि पता नहीं किसने दारू पी हुई थी. वैसे तो जो चिल्लाता है. वही नशे में होता है.
मुश्किल वक्त में साथ देने के लिए उन्होंने बॉलीवुड और पंजाब के लोगों का शुक्रिया. उन्होंने कहा कि 'मैं पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री, पंजाब के लोगों और दलेर पाजी के सभी फैंस का तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. उस वीडियो को देखने के बाद, जिसमें दलेर पाजी को डांटा गया था, आप सभी ने जो भरपूर समर्थन दिया, उसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. दलेर पाजी से जिस तरह से बात की गई, वह देखकर बहुत बुरा लगा.'
मीका ने कहा कि 'आज के समय में, चाहे स्कूल हो या कॉलेज, किसी को सबके सामने डांटने से बड़ा विवाद खड़ा हो जाता है. यहां तक कि मेरे 23 साल के संघर्ष के दौरान भी, मुझे कभी किसी ने इस तरह नहीं डांटा.'
क्या है मामला?
बॉलीवुड-पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी इस वक्त उत्तराखंड के कुंजापुरी मेले में उनकी परफॉर्मेंस को लेकर विवादों में हैं. उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर ही उन पर लिप-सिंकिंग और शराब के नशे में होने का आरोप लगाया. इसके बाद उनकी परफॉर्मेंस वहीं रोक दी गई थी. दलेर मेहंदी के अपमान पर पूरा बॉलीवुड उनके समर्थन में उतर आया और अब मीका सिंह ने साफ कर दिया कि वो कैबिनेट मंत्री को माफ नहीं करेंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क