बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू इन दिनों अपनी नई फिल्म 'अस्सी' को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं. इस फिल्म का सब्जेक्ट महिलाओं के साथ हुए रेप पर आधारित है, जिसने देखने वालों को हैरान करके रख दिया है. तापसी फिल्म में एक वकील बनी हैं, जो रेप पीड़ित को न्याय दिलाने में जुट जाती है.
तापसी पन्नू ने खोले इंडस्ट्री के हीरो के राज!
तापसी इन दिनों अपनी फिल्म का जोर-शोर से प्रमोशन कर रही हैं. उनकी फिल्म 'अस्सी' 20 फरवरी के दिन थिएटर्स में लगी थी और इसे अभी तक बॉक्स ऑफिस पर मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है. लेकिन फिल्म की तारीफ जमकर हो रही है. अब तापसी ने HT से बातचीत की, जहां उन्होंने 'अस्सी' की कहानी से लेकर अपनी स्ट्रगल स्टोरी पर बात की है.
जब तापसी से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी इंडस्ट्री में किसी कारण से कोई प्रोजेक्ट खोया है, तो उसपर एक्ट्रेस ने अपने बेबाक अंदाज में जवाब देते हुए कहा, 'सच बताऊं तो मुझे ऐसी बातें खुद से पता नहीं चलतीं. शायद कभी-कभी पता चल जाती होंगी, लेकिन वो बातें आपके पास आती ही नहीं. बस कोई कहता है कि नहीं-नहीं, मैं उसके साथ काम नहीं करना चाहता, ऐसा-वैसा कारण है. और फिर वो प्रोजेक्ट आपके पास पहुंचता ही नहीं, तो आपको पता कैसे चलेगा?'
'जो मुझे पता चलता है, वो बस इतना कि कभी-कभी हीरो आपको फिल्म में नहीं चाहता. मुझे लगता है सबको पता है कि हीरो ही ज्यादातर फैसला करते हैं, खासकर हीरो-हीरोइन वाली फिल्मों में. हां, अगर डायरेक्टर बहुत बड़ा स्टार हो, जैसे कुछ डायरेक्टर होते हैं जिनकी बात चलती है, तो वो जो चाहें वो ले आते हैं.'
क्यों कोई नहीं करना चाहता तापसी के साथ काम?
तापसी ने आगे बताया कि जब 'डंकी' में शाहरुख खान के साथ काम का ऑफर मिला, तो वो किसी सरप्राइज से कम नहीं था. उन्होंने कहा, 'जैसे उदाहरण के लिए, जब राजू सर (राजकुमार हिरानी) ने मुझे फिल्म में लिया, तो मैं सीधे फिल्म में आ गई. ये सबके लिए बड़ा झटका था, क्योंकि मैं उस तरह के फिल्मों के या शाहरुख सर के रेगुलर जोड़ी वाली सर्किट में नहीं हूं. तो बहुत सारे लोगों के लिए ये बड़ा सरप्राइज था. लेकिन ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि डायरेक्टर को बहुत पक्का यकीन था कि उन्हें बस मैं ही चाहिए.'
तापसी इसी दौरान ये भी बताती हैं कि उन्हें लेकर एक अजीब अफवाह भी फैली हुई है. वो कहती हैं, 'कभी-कभी मुझे सुनने को मिलता है कि मेरे साथ काम करना थोड़ा मुश्किल है. मुझे ये समझ नहीं आता, क्योंकि जो भी मेरी फिल्मों की लिस्ट देख लेगा, वो देख सकता है कि जिन डायरेक्टर्स ने मुझसे काम किया है, उन्होंने मुझे दोबारा-दोबारा लिया है.'
ऐसा किसी ऐसे इंसान के साथ नहीं होता जो सच में मुश्किल हो. कोई भी बार-बार परेशानी नहीं चाहता ना अपने साथ. जो लोग मेरे साथ काम नहीं कर चुके, वही ये बातें फैलाते हैं, क्योंकि शायद वो मुझे जानते ही नहीं. मैं बहुत सोशल टाइप की नहीं हूं, पार्टी-वर्टी में घूमती नहीं, तो बाहर जाकर ये दिखा नहीं सकती कि असल में मैं कैसी हूं. इसलिए मैं सोचती हूं कि अपना काम खुद बोलने दो. ये रास्ता थोड़ा मुश्किल है, लेकिन इस तरह मैं ज्यादा ठीक-ठाक और संयमित रह पाती हूं.'
aajtak.in