बॉलीवुड के 'हीरो नंबर 1' गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने रियलिटी शो लॉक अप में ऐसा रंग दिखाया कि हर कोई हैरान रह गया. पिछले कई दिनों से शो छोड़ने की जिद पर अड़ीं सुनीता आखिरकार बाहर हो गईं, लेकिन जाने से पहले उनकी एक बात नहीं, बल्कि उनकी गालियां सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं. इस पर पत्नी की बेल कराने पहुंचे गोविंदा ने भी हैरानगी जताई.
सुनीता की गालियों से परेशान गोविंदा?
जब सुनीता शो से बाहर आईं तो खुद गोविंदा उन्हें लेने पहुंचे. पत्नी को गले लगाने के बाद गोविंदा ने मुस्कुराते हुए ऐसा खुलासा किया, जिसने माहौल हल्का कर दिया. उन्होंने कहा कि उनके दोस्तों ने उन्हें शो की कई रील्स भेजीं, जिनमें सुनीता घर के अंदर जमकर गालियां देती नजर आ रही थीं.
गोविंदा ने मजाकिया अंदाज में कहा- मेरे दोस्तों ने भी मुझे रील्स भेजीं कि ये अंदर गालियां दे रही है. कोई बात नहीं, झेला है. उनके इस जवाब पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े.
दरअसल, सुनीता पिछले कुछ दिनों से लगातार रो रही थीं और शो से बाहर जाने की गुहार लगा रही थीं. उन्होंने बताया कि डायबिटीज कंट्रोल में नहीं है, मेनोपॉज की वजह से तनाव है, सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है. आखिरकार मेकर्स ने उनकी रिक्वेस्ट मान ली और उन्हें शो से बाहर कर दिया.
सुनीता को मिला बड़ा सबक
शो के दौरान होस्ट फराह खान ने सुनीता से पूछा कि क्या उन्होंने इस सफर से कुछ सीखा? इस पर सुनीता ने कहा- घर में जो भी हो, उसे घर में ही रखना चाहिए. यानी परिवार की बातें बाहर नहीं ले जानी चाहिए.
गोविंदा से भी जब सुनीता के शो में एंट्री लेने की बात पर सवाल किया गया कि उन्होंने क्यों पत्नी को मना किया था. तो वो बोले- ये सब फूलों में पले हैं. इन्हें इस तरह की मुश्किलों का अंदाजा नहीं है. सुनीता बच्चा है मेरा. मैं दुआ करता हूं कि आगे भी कोई मुश्किलें न झेलनी पड़ें.
गौरतलब है कि शो में सुनीता पहले भी अपनी शादी और गोविंदा को लेकर कई बेबाक बयान दे चुकी हैं. उन्होंने यहां तक कहा था कि अगर शादी में बेवफाई भी हुई हो तो अब उस बारे में सोचने का कोई फायदा नहीं, क्योंकि इससे उनकी सेहत पर ही असर पड़ेगा.
हालांकि, शो से बाहर आते वक्त गोविंदा का अंदाज साफ बता गया कि वह पत्नी की हर बात को बेहद सहजता से लेते हैं. सुनीता की गालियों पर नाराज होने के बजाय उन्होंने हंसकर पूरा मामला टाल दिया और यही अंदाज अब सोशल मीडिया पर भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क