'पठान' और 'वॉर' जैसी फिल्में दे चुके स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड फिल्म अल्फा रिलीज के लिए तैयार है. फिलहाल फिल्म के प्रमोशन और चर्चाओं का बड़ा फोकस आलिया भट्ट पर है, लेकिन जनता का ध्यान फिल्म की दूसरी लीड एक्ट्रेस शरवरी पर भी है.
अल्फा के ट्रेलर में आलिया का स्पाई अवतार, बॉबी देओल के साथ उनकी बैक स्टोरी और ऋतिक रोशन का कैमियो चर्चा में है. लेकिन शरवरी की चर्चा इसलिए भी कम है क्योंकि अल्फा के ट्रेलर में मेकर्स ने उनका किरदार इरादतन छुपाया है. कहानी के बड़े प्लॉट ट्विस्ट शरवरी के किरदार में छुपे हैं, ऐसे में शरवरी पर दर्शकों की पैनी नजरें लगी हुई हैं.
इसकी एक बड़ी वजह यह भी है क्योंकि शरवरी की जगह दर्शकों में बनने लगी है और फैंस अब उन्हें बॉलीवुड में दमदार होते देखना चाहते हैं. ऐसे में अल्फा और यह साल शरवरी के लिए धमाकेदार हो सकते हैं.
शरवरी ने अपना करियर आइकॉनिक बॉलीवुड हिट बंटी और बबली के रीमेक से शुरू किया था. इस फिल्म में सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को पसंद आई थी और उनके काम की भी सराहना हुई थी, लेकिन दिक्कत यह हुई कि बंटी और बबली 2 (2021) को दर्शक ही बहुत नहीं मिले.
डेब्यू के बाद शरवरी की दूसरी फिल्म आने में तीन साल लग गए. हॉरर यूनिवर्स में शरवरी की फिल्म मुंज्या (2024) में उनके काम की सराहना भी हुई और यह फिल्म सरप्राइज हिट भी बन गई. इस फिल्म का गाना 'तरस' ऐसा पॉपुलर हुआ कि इसने घर-घर में शरवरी को एक पॉपुलर चेहरा बना दिया. इस बीच वह आमिर खान के बेटे जुनैद खान की डेब्यू फिल्म महाराज में एक खास कैमियो में भी दिखीं.
अपनी अगली फिल्म वेदा (2024) में शरवरी एक्शन करती दिखीं और एक बार फिर उनके काम की तारीफ हुई. दलित अधिकारों की बात करती इस फिल्म में लोगों ने शरवरी का टैलेंट एक बार फिर नोटिस किया, लेकिन फिल्म फ्लॉप हो गई.
इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा में शरवरी ने क्रिटिक्स से लेकर जनता तक पर जैसे जादू सा कर दिया. यह फिल्म देखने के बाद लोग शरवरी का चेहरा भूल नहीं पा रहे हैं और उन्हें दोबारा स्क्रीन पर देखने का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में शरवरी एक बिल्कुल अलग तरह के रोल में अल्फा लेकर आ रही हैं.
स्पाई यूनिवर्स की यह फिल्म चले या न चले, इतना तय है कि इसमें शरवरी का जलवा लोग ट्रेलर के बाद से ही नोटिस कर रहे हैं. लेकिन इस साल उनकी सिर्फ यही दो फिल्में नहीं हैं; अभी नवंबर में शरवरी की एक और फिल्म ये प्रेम मोल लिया भी आने वाली है.
पारिवारिक फिल्मों के स्पेशलिस्ट सूरज बड़जात्या की इस फिल्म में शरवरी आयुष्मान खुराना के साथ नजर आने वाली हैं. बड़जात्या लंबे समय बाद अपने सिग्नेचर स्टाइल की पारिवारिक लव स्टोरी लेकर आ रहे हैं. ऐसी फिल्में अब कम आती हैं और पिछले कुछ समय से फैमिली ऑडियंस ने फिल्मों को अच्छी बॉक्स ऑफिस सक्सेस भी दिलाई है.
ऐसे में ये प्रेम मोल लिया के चांस भी अच्छे हैं. मैं वापस आऊंगा के बाद अल्फा और ये प्रेम मोल लिया अगर बहुत बड़ा कमाल न भी कर पाएं, तो भी शरवरी स्क्रीन पर तो बनी ही रहेंगी और इससे उनकी फॉलोइंग और मजबूत ही होगी.
सुबोध मिश्रा