कॉकटेल फिल्म आज से 14 साल पहले आई थी, जिसके लगभग सभी गाने हिट हुए थे. सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण, डायना पेंटी स्टारर इस फिल्म को काफी प्यार मिला था. अब मेकर्स इसका सीक्वल भी लेकर आ गए हैं जिसमें कृति सेनन, शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना नजर आएंगे.
ट्रोल्स के निशाने पर कॉकटेल 2 का गाना
कॉकटेल 2 फिल्म को लेकर अभी तक ठीक-ठाक रिस्पॉन्स देखा जा रहा था. 19 जून को ये रिलीज होनी है, जिसके फिलहाल गाने भी पसंद किए जा रहे थे. लेकिन रिलीज से पहले मेकर्स की तरफ से एक ऐसी बड़ी चूक हो गई, जिससे फिल्म को नुकसान या फायदा हो सकता है. इसमें 14 साल पुराना हिट ट्रैक बंधू डाला गया है, जिसे अभी के समय के साथ थोड़ा रीक्रिएट किया गया. इसकी शुरुआत में शाहिद कह चुके थे कि अगर इस गाने को कॉकटेल 2 में रीक्रिएट किया गया, तो ट्रोल होने के चांस बनेंगे.
अब दिलचस्प बात ये है कि बंधू 2.0 गाना जमकर ट्रोलिंग का सामना कर रहा है. हालांकि इस बार गाने की धुन या लिरिक्स की वजह से नहीं, जिस तरह इसे शूटिंग किया गया है उस कारण से. दरअसल, गाने में नकली बीच का सेट इस्तेमाल किया गया है जिसके सामने रश्मिका और कृति कुछ बैंकग्राउंड डांसर्स के साथ नाच रही हैं. कुछ देर बाद शाहिद भी उन्हें जॉइन कर लेते हैं. जिस तरह से पूरे गाने को शूट किया गया है, उस तरीके से सोशल मीडिया यूजर्स नाराज हैं.
ट्रोल हुआ 14 साल पुराना हिट गाना
कई लोगों ने मेकर्स को बंधू 2.0 गाने पर घेरा है. X पर एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में किसी ने लिखा है कि सलमान भाई भी रिलैक्सो चप्पल की ऐड में इससे ज्यादा एफर्ट डालते हैं. वहीं दूसरे ने लिखा कि ये इस सदी का सबसे बुरा ऐड है. किसी ने ये भी लिखा है कि ये फ्रूटी या फैंटा कंपनी का ऐड लगता है.
कई लोगों ने फिल्म के डायरेक्टर होमी अदजानिया पर सवाल उठाए हैं, जिन्होंने इस सुपरहिट गाने की फील को बर्बाद होने दिया. साल 2012 में जब ये गाना आया था, तब इसने कई लोगों को झूमने-नाचने पर मजबूर कर दिया था. ये गाना लोगों के दिलों में आज भी बसा हुआ है. ऐसे में यूजर्स का नाराज होना वाजिब है. आखिर उनकी यादें इस गाने से जुड़ी हुई हैं. बंधू गाना कॉकटेल मूवी की जान है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क