शाहरुख खान ने तीन साल पहले पठान, जवान और डंकी की बैक टू बैक सक्सेस से ऐसा कमबैक किया जो बॉलीवुड के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा. अब जनता बड़ी बेसब्री से उनकी नई फिल्म किंग का इंतजार कर रही है. किंग इस साल क्रिसमस के लिए अनाउंस की गई थी. अब शाहरुख ने फिर से एक नए वीडियो के साथ किंग की रिलीज डेट कन्फर्म की है.
क्रिसमस पर गरजेगी शाहरुख की दहाड़
शाहरुख ने नया वीडियो शेयर किया है, जिसमें किंग का पहला टीजर ही एक नई और फंकी एडिटिंग के साथ है. वीडियो शेयर करते हुए शाहरुख ने लिखा, 'एक दहाड़ जिसका शोर किंगडम को हिला देगा. किंग आ रही है 24.12.2026 को.'
पिछले कुछ सालों से दिसंबर साल की सबसे बड़ी फिल्में देता आ रहा है. एनिमल से लेकर पुष्पा 2 और धुरंधर तक दिसंबर का महीना बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स को अलटने-पलटने वाला महीना रहा है. शाहरुख खान की तीन साल बाद वापसी, उनकी बेटी सुहाना खान का डेब्यू और दीपिका के साथ उनकी जोड़ी का फिर से आना, किंग को फैन्स के लिए एक्साइटिंग फिल्म बनाता है.
ऊपर से किंग के टीजर में शाहरुख का लुक और शानदार एक्शन सीन्स जनता को पहले से ही बहुत पसंद आ रहे हैं. इसलिए ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई कर सकती है. मगर शाहरुख ने पहले से रिलीज डेट अनाउंस होने के बाद, फिर से डेट क्यों कन्फर्म की है इसकी भी एक वजह है.
शाहरुख को नहीं हॉलीवुड के अवेंजर्स का डर
हॉलीवुड की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी, मार्वल सिनमेटिक यूनिवर्स की फिल्मों में से एक, 'अवेंजर्स: डूम्स डे' इसी साल 18 दिसंबर के लिए शिड्यूल है. ट्रेड एक्सपर्ट्स और फैन्स में बार-बार ये चर्चा हो रही है कि ये हॉलीवुड फिल्म, किंग के धमाके के लिए रिस्क साबित हो सकती है. इसलिए एक चर्चा ये भी थी कि क्या शाहरुख किंग की रिलीज डेट थोड़ी दाएं-बाएं करने का सोचेंगे? ऊपर से पहले शाहरुख की चोट की वजह से, फिर युद्ध की वजह से दुबई में शूट रुकने से भी इन चर्चाओं को जोर मिला.
ऐसे में शाहरुख का फिर से किंग की रिलीज डेट कन्फर्म करना असल में फैन्स के लिए ये मैसेज है कि उन्हें अवेंजर्स: डूम्स डे का कोई डर नहीं है. बॉलीवुड के 'किंग' को अपने फैन्स पर भरोसा है और इसलिए वो क्रिसमस से नहीं हटने वाले. अब देखना है कि शाहरुख क्रिसमस पर क्या धमाका करते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क