रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच चल रहे डॉन 3 विवाद में हर दिन नए मोड़ आ रहे हैं. रणवीर के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन का आदेश जारी करने वाली फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने बुधवार को अपना आदेश वापस ले लिया. जबकि प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया ने आखिरी वक्त पर कलाकारों के फिल्म छोड़ने पर चिंता जताई. लेकिन इन सब चीजों के बीच रणवीर और फरहान की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच विवाद बढ़ने से पहले हुई मीटिंग्स की नई जानकारियां सामने आ रही हैं.
फरहान की शिकायत के बाद रणवीर ने की थी बात
वैरायटी की रिपोर्ट बताती है कि रणवीर ने जब डॉन 3 छोड़ी, तो फरहान ने पिछले साल प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया से संपर्क किया था. जिसके बाद विवाद सुलझाने के लिए कई मीटिंग्स हुईं. इनमें इंडस्ट्री के करीब 25 वरिष्ठ लोग शामिल हुए थे. प्रोड्यूसर्स गिल्ड की ऑफिशियल मीटिंग्स से अलग, ये मामला इनफॉर्मल तरीके से सुलझाने की कोशिश चल रही थी.
इन बैठकों में सलमान खान, ऋतिक रोशन, करण जौहर और आलिया भट्ट जैसे नाम शामिल थे. हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर सिंह शुरुआती दौर की बैठकों में मौजूद नहीं थे.
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कई मीटिंग्स हुईं. एक बड़ी मीटिंग में आमिर खान, अनिल कपूर, रोहित शेट्टी, राजकुमार हिरानी, आशुतोष गोवारिकर, प्रोड्यूसर सिद्धार्थ रॉय कपूर और वायकॉम18 स्टूडियोज के प्रमुख अजीत अंधारे समेत बॉलीवुड के कई बड़े नाम मौजूद थे.
रणवीर ने बताईं डॉन 3 छोड़ने की 4 वजहें
कथित तौर पर रणवीर ने फिल्म छोड़ने की चार बड़ी वजहें बताईं— रणवीर को पक्की स्क्रिप्ट नहीं मिली थी, इसलिए वो फिल्म पर आगे बढ़ने को तैयार नहीं थे. उन्हें फरहान के अवेलेबल होने की भी शिकायत थी क्योंकि वो कई दूसरे प्रोजेक्ट्स पर बिजी हैं. रणवीर ने ये भी दावा किया कि उनकी फीस बाद में दोबारा नेगोशिएट करके घटा दी गई. और फिल्म का बजट भी 300-350 करोड़ से घटाकर 150 करोड़ कर दिया गया. रिपोर्ट ये भी बताती है कि रणवीर ने कोई साइनिंग अमाउंट मिलने से भी इनकार किया.
रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया कि रणवीर के दावों को गलत साबित करने के लिए फरहान और रितेश ने व्हाट्सऐप रिकॉर्ड दिखाए, जिनमें अलग-अलग स्टेज पर वो फिल्म की स्क्रिप्ट से संतुष्ट थे. इस बात से भी इनकार किया गया कि रणवीर की फीस घटाई गई थी.
फरहान के पार्टनर रितेश सिधवानी ने रणवीर से सीधा सवाल किया था— अगर 'धुरंधर' ब्लॉकबस्टर नहीं होती, तो क्या आप 'डॉन 3' छोड़ते? इस पर रणवीर ने सीधा कहा कि तब वो शायद ऐसा नहीं करते.
रणवीर ने मामले के सेटलमेंट के लिए फरहान को 10 करोड़ रुपये का अमाउंट ऑफर किया था. उनके ऑफर में ये भी शामिल था कि अगली बार एक्सेल एंटरटेनमेंट की फिल्म करने पर वो फीस में 25% डिस्काउंट भी देंगे. लेकिन फरहान और रितेश को वो 45 करोड़ रुपये चाहिए थे, जो 'डॉन 3' के प्री-प्रोडक्शन पर खर्च हुए थे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क