रणवीर सिंह इस समय बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारे बन चुके हैं. धुरंधर जैसी धमाकेदार फिल्में दे चुके एक्टर का इस समय हर कोई दीवाना बन चुका है. रणवीर के पीछे पूरी इंडस्ट्री का सपोर्ट है. कुछ दिन पहले जब उन्हें इंडस्ट्री में बैन किया गया था, तब कई लोग उनके लिए आगे आए थे. इसका कारण उनकी हालिया फिल्म की सक्सेस थी, जिसने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में दोबारा जान फूंक दी.
रणवीर सिंह की काबिलियत पर अक्सर कई लोगों ने शक किया है. लेकिन एक्टर ने हमेशा अपने काम से खुद को साबित किया है. हाल ही में 90s की मशहूर एक्ट्रेस मधु ने भी इस बात को माना है. वो एक समय पर रणवीर की आलोचकों में से एक थीं. मगर एक्टर ने अपनी एक्टिंग से उनका दिल जीत लिया.
क्यों मधु को नहीं पसंद थे रणवीर?
हाल ही में मधु ने हिंदी रश से कहा कि उन्होंने एक जमाने में शाहरुख खान के साथ काम किया था. मगर वो प्रोजेक्ट किसी कारण से बंद हो गया. अब वो रणवीर सिंह के साथ काम करना चाहेंगी. एक्ट्रेस को रणवीर ने कई चीजों से प्रभावित किया है. उन्होंने एक्टिंग में दिलचस्पी रखने वाले एक्टर्स को रणवीर से कुछ सीखने की सलाह भी दी है.
मधु का कहना है- एक बात जो नए एक्टर्स को रणवीर सिंह से सीखनी चाहिए, वो ये है कि वो किसी की भी राय की परवाह नहीं करते. जब वो फिल्म इंडस्ट्री में आए थे, तब खुद मैं भी उन लोगों में से एक थी जिन्हें रणवीर पसंद नहीं थे. मैं सोचती थी कि वो ठीक-ठाक हैं, शायद अच्छे एक्टर हैं. लेकिन बाद में जब मैंने दिल धड़कने दो, गली बॉय और उनकी दूसरी फिल्में देखीं, तो मेरा पूरा नजरिया बदल गया.
'आज मैं मानती हूं कि वो सबसे बेहतरीन हैं. वो सच में कमाल के हैं. मैंने पहले उनकी ड्रेसिंग की काफी आलोचना की थी. कभी वो पीली पैंट पहन लेते, तो कभी स्कर्ट. उन्होंने पूरी इंडस्ट्री की सोच को तोड़ दिया. लोग उन पर हंसते थे, मीम्स बनाते थे, मजाक उड़ाते थे, लेकिन रणवीर को कोई फर्क नहीं पड़ता था. वो वही करते रहे जो उन्हें सही लगता था.'
मधु के लिए स्टाइल आइकॉन हैं रणवीर
मधु ने आगे रणवीर की स्टाइलिंग की तारीफ की. उन्होंने कहा- आजकल रणवीर को स्टाइल आइकॉन और बेहतरीन एक्टर्स में से एक माना जाता है. मुझे खुद लगता है कि वो बहुत कूल हैं. उसमें हिम्मत थी कि लोग उसका मजाक उड़ाएं तो भी वो डटकर खड़ा रहा. एक एक्टर के लिए ये सबसे बड़ी खूबी है. जब लोग हमारा मजाक उड़ाते हैं तो हम खुद को बदलने की कोशिश करते हैं. हम सब कुछ करके भीड़ में घुलमिल जाना चाहते हैं. लेकिन रणवीर कभी भीड़ में घुले नहीं. और आज वही लोग जो पहले उनका मजाक उड़ाते थे, अब उनके सबसे बड़े फैन बन गए हैं. इसमें मैं भी शामिल हूं.
मधु अंत में उस मोमेंट को भी याद करती हैं जब रणवीर ने एक अवॉर्ड फंक्शन पर उनके लिए स्पेशल गाना गाया. उन्होंने बताया, 'मैं पूरी तरह उनकी कायल हो गई. जब आप एक बार स्टार रह चुके होते हो, तो वो एहसास कभी जाता नहीं है. लेकिन दुनिया अब आपको वैसा नहीं देखती. जब रणवीर जैसे कोई आपको स्पेशल फील कराए, तो वो बहुत मायने रखता है. भगवान उन्हें सुखी रखे. उस शाम के बाद मेरी नजरों में वो और भी बड़ा सुपरस्टार बन गए.'
बता दें कि मधु जल्द मनोज बाजपेयी की फिल्म गवर्नर में नजर आने वाली हैं, जो 12 जून को थिएटर्स में रिलीज होगी. इस फिल्म से वो काफी समय बाद बॉलीवुड में नजर आने वाली हैं. एक्ट्रेस कुछ सालों से साउथ में काम कर रही थीं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क