Ramayana Mangal Rang Song Controversy: रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फैंस के बीच पहले से ही जबरदस्त चर्चा है. लेकिन अब फिल्म का नया गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. किसी को इसका म्यूजिक कव्वाली जैसा लग रहा है, तो कोई इसकी तुलना एआर रहमान के मशहूर गाने ‘कुन फाया कुन’ से कर रहा है. कुछ यूजर्स ने तो गाने पर तमिल सॉन्ग से मिलते-जुलते होने के आरोप भी लगाए हैं. ऐसे में फिल्म के म्यूजिक को लेकर सोशल मीडिया पर खूब बातें हो रही हैं.
‘मंगल रंग’ सुनते ही क्यों भड़के लोग? एआर रहमान पर उठे सवाल
नितेश तिवारी की मचअवेटेड फिल्म ‘रामायण’ का गाना ‘मंगल रंग’ रविवार, 25 अक्टूबर को रिलीज किया गया. गाने में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आ रहे हैं. भव्य विजुअल्स के जरिए दोनों के दिव्य प्रेम को दिखाने की कोशिश की गई है.
इस गाने को श्रेया घोषाल और अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं. वहीं, गाने के म्यूजिक को लेकर एआर रहमान का नाम चर्चा में है.
हालांकि, गाना सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कुछ लोगों को इसका म्यूजिक पसंद आया, तो कई यूजर्स ने इसकी धुन और स्टाइल पर सवाल उठाए. कुछ ने इसे कव्वाली जैसा बताया, जबकि कुछ ने ‘रॉकस्टार’ के मशहूर गाने ‘कुन फाया कुन’ से इसकी तुलना कर दी.
‘कुन फाया कुन’ की नकल? यूजर ने रहमान पर कसा तंज
‘मंगल रंग’ को लेकर एक यूजर ने X पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, इन्होंने ‘कुन फाया कुन’ वाला फॉर्मूला उठाया, उसे ‘मंगल रंग’ में फिट किया और उसे रामायण का म्यूजिक बता दिया। शुक्रिया, एआर रहमान. इस कमेंट के बाद गाने की मौलिकता को लेकर बहस और तेज हो गई. हालांकि, यह यूजर की निजी राय और आरोप है. इससे यह साबित नहीं होता कि गाना किसी दूसरे ट्रैक की नकल है.
एक अन्य यूजर ने गाने के म्यूजिक के साथ-साथ इसके विजुअल्स पर भी निशाना साधा. उसने श्रेया घोषाल जैसी शानदार सिंगर की आवाज होने के बावजूद गाने को बेजान बताया. साथ ही, साई पल्लवी के माता सीता वाले लुक की तुलना ‘बाहुबली’ में अनुष्का शेट्टी के देवसेना वाले किरदार से करते हुए अपनी निराशा जाहिर की.
किसी को कव्वाली लगा गाना, तो किसी ने तमिल सॉन्ग से जोड़ दिया
‘मंगल रंग’ को लेकर एक और यूजर ने तंज कसते हुए लिखा- शुक्रिया, रहमान... रामायण के लिए तमिल गाने के साथ एक री-साइकिल की हुई कव्वाली देने के लिए. एक अन्य कमेंट में कहा गया- रामायण में कव्वाली. रहमान निराश करने का कोई मौका नहीं छोड़ते.
वहीं, एक यूजर ने गाने में कई तरह के म्यूजिक का प्रभाव होने का दावा किया. उसके मुताबिक, गाने के कोरस में ‘रंग’ शब्द का इस्तेमाल ‘आज रंग है’ से प्रेरित लगता है. उसने बुलबुल तरंग जैसे म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट के इस्तेमाल और तमिल गाने ‘Enna Solla Pogirai’ से कथित समानता का भी दावा किया.
‘रामायण’ के म्यूजिक से भी निराश हुए कुछ फैंस!
बात सिर्फ ‘मंगल रंग’ तक सीमित नहीं रही. कुछ लोगों ने फिल्म के म्यूजिक को लेकर भी सवाल उठाए. एक यूजर ने लिखा कि ‘रामायण’ का अब तक कोई भी गाना उसके दिल में जगह नहीं बना पाया है.
उसने कहा कि जब लोग पहले से ही रामायण की कहानी से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं, तो फिल्म के म्यूजिक को लेकर इतनी लापरवाही क्यों बरती जा रही है? उसके मुताबिक, फिल्म के लिए अच्छे बोल ही काफी असरदार साबित हो सकते थे.
हालांकि, सोशल मीडिया पर सभी की राय एक जैसी नहीं है. गाने को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं और इसी वजह से ‘मंगल रंग’ चर्चा में बना हुआ है.
4,000 करोड़ के बजट वाली ‘रामायण’ पर अब म्यूजिक को लेकर चर्चा
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण: पार्ट वन’ में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म में यश रावण, सनी देओल, रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल और लारा दत्ता समेत कई कलाकार भी नजर आएंगे.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. इसे दिवाली 2026 के दौरान दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है. फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसकी कास्टिंग, किरदारों के लुक और भव्यता को लेकर चर्चा होती रही है. अब ‘मंगल रंग’ के म्यूजिक पर उठे सवालों ने फिल्म को लेकर चल रही बहस में एक नया मुद्दा जोड़ दिया है.
अब देखने वाली बात यह होगी कि आने वाले समय में ‘रामायण’ के बाकी गाने दर्शकों को कितना पसंद आते हैं और फिल्म का म्यूजिक फैंस की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क