'कॉकरोच जनता पार्टी' का सपोर्ट, 'मेलोडी' ट्रेंड पर तंज, जानें क्या बोले प्रकाश राज

NEET पेपर लीक विवाद के बीच एक्टर प्रकाश राज ने कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर सरकार और पीएम मोदी पर निशाना साधा. वो इससे पहले मेलोनी विवाद से लेकर पत्रकारों के सवाल तक पर अपनी राय जाहिर कर चुके हैं.

Advertisement
प्रकाश राज ने किया कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन (Photo: ITG) प्रकाश राज ने किया कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन (Photo: ITG)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 21 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:50 PM IST

साउथ से लेकर बॉलीवुड तक अपनी पहचान बनाने वाले प्रकाश राज एक बार फिर अपने राजनीतिक बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं. हमेशा बेबाक अंदाज में अपनी राय रखने वाले प्रकाश ने इस बार सरकार के खिलाफ खड़ी हुई एक 'सटायरिकल' यानी व्यंगात्मक- कॉकरोच जनता पार्टी का खूब समर्थन करते दिखे हैं. उन्होंने NEET पेपर लीक विवाद और युवाओं के गुस्से को लेकर केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा है. 

Advertisement

प्रकाश राज के फायर बोल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही 'कॉकरोच जनता पार्टी' को लेकर किए गए उनके ट्वीट्स अब नई राजनीतिक बहस छेड़ रहे हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच जनता पार्टी'नाम का एक सटायरिकल कैंपेन वायरल हुआ. इसमें सरकार विरोधी मीम्स और पोस्ट्स के जरिए युवाओं के गुस्से को दिखाया गया. 

NEET पेपर लीक के बाद छात्रों के प्रदर्शन और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को जोड़ते हुए कई यूजर्स ने इसे सरकार पर तंज बताया. इसी कैंपेन को लेकर प्रकाश राज ने भी लगातार ट्वीट किए.  एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि- युवाओं की ताकत को कम मत समझिए, वहीं दूसरे ट्वीट में उन्होंने 'कॉकरोच जनता पार्टी बनाम बिगॉट्स (कट्टर) जनता पार्टी' जैसी लाइन लिखकर बीजेपी पर कटाक्ष किया.

प्रकाश राज ने एक और ट्वीट में उस वायरल तस्वीर को शेयर किया जिसमें 'कॉकरोच जनता पार्टी' का इंस्टाग्राम अकाउंट कुछ ही दिनों में लाखों फॉलोअर्स तक पहुंचता दिखाया गया था. इसके जरिए उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि देश का युवा अब सवाल पूछ रहा है और सरकार से जवाब चाहता है. पोस्ट में दिखाया गया कि जहां बीजेपी को 15 सालों में 8.7 मिलियन फॉलोअर्स मिले वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के 4 दिन में 8.8 मिलियन फॉलोअर्स हो गए. 

Advertisement

इसके अलावा एक और ट्वीट किया जहां उन्होंने लिखा कि- उम्मीद है… मेरे देश के युवा अब उठ खड़े होंगे… विरोध करेंगे और अपना हक वापस लेकर रहेंगे. आप सभी को और ताकत मिले.

मेलोडी मीम पर प्रकाश ने भी ली थी चुटकी

दरअसल, NEET परीक्षा पेपर लीक मामले के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों का गुस्सा देखने को मिला. विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है और इसी माहौल में प्रकाश राज के ट्वीट्स भी तेजी से वायरल हुए. सोशल मीडिया पर उनके समर्थकों ने इसे जनता की आवाज बताया, जबकि आलोचकों ने इसे राजनीतिक एजेंडा करार दिया.

ये पहली बार नहीं है जब प्रकाश राज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर खुलकर हमला बोला हो. हाल ही में उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ पीएम मोदी की मुलाकात और 'मेलोडी' ट्रेंड को लेकर भी उन्होंने तंज कसा था. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पीएम मोदी के मेलोनी को टॉफी गिफ्ट करने पर प्रकाश राज ने सवाल उठाए थे और इसे- इमेज पॉलिटिक्स बताया था. उस दौरान उनके ट्वीट्स पर बीजेपी समर्थकों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी.

इसके अलावा नॉर्वे की एक पत्रकार द्वारा पीएम मोदी से सवाल पूछे जाने और जवाब न मिलने के बाद मंच छोड़कर चले जाने की घटना पर भी प्रकाश राज ने अपनी राय रखी थी. उन्होंने कहा था कि लोकतंत्र में सवाल पूछना पत्रकार का अधिकार है और जवाब देना नेताओं की जिम्मेदारी. उनके इस बयान पर भी सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया था.

Advertisement

कई विवादित बयान दे चुके हैं प्रकाश राज

प्रकाश राज लंबे समय से खुद को 'सरकार से सवाल पूछने वाला नागरिक' बताते रहे हैं. पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या के बाद भी उन्होंने पीएम मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए थे और कहा था कि 'मैं एंटी-हिंदू नहीं, एंटी-मोदी हूं.'

उनके कई बयान पहले भी विवाद खड़े कर चुके हैं. साल 2018 में कर्नाटक में एक कार्यक्रम के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं के मंच को गौमूत्र से शुद्ध करने का मामला काफी चर्चा में रहा था. प्रकाश राज ने खुद इस घटना को सोशल मीडिया पर शेयर किया था.

इसी तरह उन्होंने मॉब लिंचिंग, धर्म के नाम पर हिंसा और नैतिक पुलिसिंग को लेकर भी कई बार सरकार और दक्षिणपंथी संगठनों पर हमला बोला है. कई मौकों पर उनके खिलाफ शिकायतें और कानूनी नोटिस तक दर्ज हुए, लेकिन प्रकाश राज हमेशा अपने बयानों पर कायम रहे.

फिलहाल 'कॉकरोच जनता पार्टी' वाले ट्वीट्स के बाद एक बार फिर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है. कोई उन्हें बेबाक कलाकार बता रहा है, तो कोई राजनीतिक एक्टिविस्ट कहकर निशाना साध रहा है. लेकिन इतना तय है कि प्रकाश राज उन चुनिंदा फिल्मी सितारों में हैं जो राजनीति और सत्ता पर खुलकर बोलने से कभी पीछे नहीं हटते.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »