बॉलीवुड की बेहतरीन एक्ट्रेस और सिंगर परिणीति चोपड़ा इन दिनों अपनी जिंदगी के एक नए और बेहद खूबसूरत फेज को एन्जॉय कर रही हैं. एक्टिंग के साथ-साथ अपनी सिंगिंग से लोगों का दिल जीतने वाली परिणीति अब अपने फैन्स के लिए एक अनोखा और बिल्कुल अलग प्रोजेक्ट लेकर आ रही हैं, जो उनके क्रिएटिव जर्नी को दिखाएगा.
दरअसल एक्ट्रेस ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वे जल्द ही अपना पहला भक्ति गीत (Devotional Song) रिलीज करने जा रही हैं. इस घोषणा के सामने आते ही उनके फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ गई.
सोशल मीडिया पर शेयर की झलक
परिणीति ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर इस आने वाले ट्रैक की एक छोटी सी झलक यानी टीजर शेयर किया है, जिससे गाने के आध्यात्मिक और भक्तिमय होने का साफ संकेत मिलता है. इस टीजर को पोस्ट करते हुए परिणीति ने कैप्शन में लिखा, 'एक प्रार्थना, एक भेंट. जल्द आ रहा है!'.
उनके इस अनाउंसमेंट के बाद तुरंत ही सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. एक्ट्रेस के फैन्स और फॉलोअर्स कमेंट सेक्शन में लगातार अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि वे परिणीति की आवाज सुनने के लिए एक्साइटेड हैं. वहीं कई फैंस का कहना है कि क्या परिणीति ग्लैमर छोड़ आध्यात्म की राह पर निकलीं हैं? हालांकि परिणीति इससे पहले भी अपनी फिल्मों के गानों और लाइव कॉन्सर्ट्स में अपनी सिंगिंग का जादू बिखेर चुकी हैं, लेकिन पूरी तरह से एक भक्ति गीत की ओर कदम बढ़ाना उनके म्यूजिकल करियर के लिए एक नया और दिलचस्प मोड़ है.
मां बनने के बाद धीरे-धीरे काम पर लौट रही हैं परिणीति
यह स्पिरिचुअल सॉन्ग परिणीति की जिंदगी के उस पड़ाव पर आ रहा है, जो उनके पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ, दोनों के लिए ही बेहद खास और महत्वपूर्ण है. आपको बता दें कि अक्टूबर 2025 में परिणीति चोपड़ा और उनके राजनेता पति राघव चड्ढा के घर एक नन्हे मेहमान का जन्म हुआ था. जब उन्होंने अपने पहले बच्चे (बेटे) का स्वागत किया, जिसका नाम उन्होंने 'नीर' रखा है. मां बनने के बाद से परिणीति लगातार मदरहुड के इस खूबसूरत सफर का लुत्फ उठा रही हैं और अब वे धीरे-धीरे अपनी प्रोफेशनल कमिटमेंट्स और काम की तरफ वापस कदम बढ़ा रही हैं.
सिंगिंग के अलावा परिणीति चोपड़ा एक्टिंग की दुनिया में भी एक बार फिर धमाका करने के लिए तैयार हैं. वे जल्द ही ओटीटी स्पेस (स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म) पर वापसी करने जा रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे नेटफ्लिक्स की अपकमिंग मिस्ट्री थ्रिलर वेब सीरीज में लीड रोल निभाती नजर आएंगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क