दमदार एक्टर मनोज बाजपेयी की अगली फिल्म गवर्नर 12 जून को थिएटर्स में रिलीज के लिए तैयार है. हाल ही में गवर्नर का ट्रेलर रिलीज हुआ था, जिसमें जनता ने काफी दिलचस्पी दिखाई. फिल्म में 1991 के आर्थिक संकट की कहानी है, जिसने भारत की अर्थव्यवस्था को हिलाकर रख दिया था. मनोज बाजपेयी का किरदार ए रामनन, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के पूर्व गवर्नर एस वेंकटीरामनन से इंस्पायर्ड है.
वेंकटीरामनन तमिलनाडु में पैदा हुए थे और केरल से उन्होंने पढ़ाई की थी. जाहिर सी बात है कि उनका किरदार पर्दे पर गाढ़ी साउथ-इंडियन एक्सेंट वाली हिंदी बोलता ही नजर आएगा. अब मनोज बाजपेयी ने बताया है कि इस किरदार की तैयारी के दौरान उनकी सबसे बड़ी चिंता थी कि उसकी भाषा और बोलचाल पूरी तरह भरोसेमंद लगे.
मनोज ने बताया कि उन्होंने ये किरदार निभाने में काफी सावधानी बरती. उन्होंने कहा, "मैं बहुत डरा हुआ और नर्वस था. खासकर मेरे जैसे एक्टर भाषा और उच्चारण के मामले में गलती करना पसंद नहीं करते. मैं बिहार से हूं, इसलिए मुझे अच्छी तरह पता है कि जब कोई भाषा गलत तरीके से बोलता है तो कितना बुरा लगता है."
सच्ची घटनाओं से प्रेरित गवर्नर 1990 के दशक में भारत के सामने खड़ी आर्थिक चुनौतियों की कहानी दिखाती है. फिल्म देश के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय लेकर आ रही है, इसलिए कहानी के फैक्ट्स पर भी जनता बड़ी पैनी नजर रखेगी. लेकिन नेशनल अवॉर्ड विनर मनोज ने आगे कहा कि फैक्ट्स सही होने के साथ यह भी जरूरी है कि देश के अलग-अलग हिस्सों के दर्शक फिल्म से जुड़ सकें.
उन्होंने कहा, "इसलिए मैं हमेशा कहता हूं कि चीजों को सीमित रखना बेहतर होता है, क्योंकि आप फिल्म हिंदी में बना रहे हैं. आपको किरदार की भाषा की आत्मा को बचाए रखना चाहिए. लेकिन किसी खास लहजे में पूरी तरह डूब जाना भी ठीक नहीं है, क्योंकि इससे लोगों का ध्यान असली कहानी से हट सकता है."
फिल्म के डायरेक्टर चिन्मय मांडलेकर हैं, और इसे प्रोड्यूस किया है विपुल अमृतलाल शाह ने. सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल ने खुद मिलकर इसका स्क्रीनप्ले लिखा है. गवर्नर में म्यूजिक अमित त्रिवेदी का है और लिरिक्स जावेद अख्तर ने लिखे हैं. गवर्नर में मनोज बाजपेयी के साथ ‘द केरला स्टोरी’ फेम अदा शर्मा भी बड़े रोल में हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क