डायरेक्टर हार्दिक गज्जर की फिल्म कृष्णावतारम जनता के सामने एक सरप्राइज की तरह आई थी. सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति जायना, सुष्मिता भट और निवाशिनी कृष्णन जैसे नए कलाकारों के साथ आई ये कृष्ण-कथा पहले दिन से ही दर्शकों को इंप्रेस कर रही है. पॉजिटिव रिव्यूज और जनता से मिले शानदार वर्ड ऑफ माउथ के साथ आई कृष्णावतारम पिछले गुरुवार बहुत लिमिटेड स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी.
पहले दिन करीब 40 लाख कलेक्शन करने वाली इस कृष्ण-कथा ने पूरे एक हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर दम दिखाया है. मगर शुक्रवार को इसके सामने बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना की 'पति पत्नी और वो दो' रिलीज हो गई है. और अब बॉक्स ऑफिस पर मामला दिलचस्प होने वाला है.
एक हफ्ते से दमदार कृष्णावतारम को बड़े जंप की आस
पहले दिन मात्र 500 शोज के साथ रिलीज हुई कृष्णावतारम को थिएटर्स में अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. पहले शुक्रवार को फिल्म ने 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. हर दिन बढ़ती कमाई के साथ कृष्णावतारम ने पहले वीकेंड में 7 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन किया था.
सिर्फ वीकेंड ही नहीं, वर्किंग डेज में भी कृष्णावतारम ने जनता को थिएटर्स तक खींचना जारी रखा. कमाल ये हुआ कि पूरे पहले हफ्ते में कृष्णावतारम ने अपने पहले शुक्रवार से ज्यादा कलेक्शन करना जारी रखा.
सैकनिल्क की रिपोर्ट बताती है कि गुरुवार को फिल्म ने 1.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. ये लगभग उतना ही है जितना कलेक्शन बुधवार को था. 500 शोज के साथ आई इस फिल्म को अब थिएटर्स में 2200 के आसपास शोज मिल रहे हैं. और पहले बॉक्स ऑफिस वीक में कृष्णावतारम 13 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन कर चुकी है.
कृष्णावतारम के सामने चैलेंज बनेंगी नई फिल्में?
शुक्रवार को आयुष्मान खुराना की फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' कृष्णावतारम के सामने पहुंच चुकी है. एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर की कहानी लेकर आई ये फिल्म कॉमेडी के भरोसे है. आयुष्मान बॉलीवुड का पॉपुलर नाम हैं और उनके साथ वामिका गब्बी, सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह हैं. ये बड़े प्रोडक्शन हाउस टी-सीरीज की फिल्म है, इसलिए कम से कम पहले हफ्ते इसे अच्छी-खासी स्क्रीन्स मिलनी ही हैं.
पति पत्नी और वो दो, नए स्टार्स और प्रोडक्शन हाउस से आई कृष्णावतारम की तुलना में थिएटर्स के लिए ज्यादा बड़ी फिल्म है. लेकिन आयुष्मान की फिल्म को जनता से बहुत अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला है. जबकि कृष्णावतारम बीते एक हफ्ते से ये दिखा रही है कि इसमें दर्शकों का दिल जीतने का दम है. ऐसे में वीकेंड में कृष्णावतारम को एक बड़ा जंप मिल सकता है. लेकिन ये देखना दिलचस्प होगा कि थिएटर्स इस वीकेंड में इसे कितने शोज के साथ मौका देते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क