बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं. वह सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों को करारा जवाब देने में कभी पीछे नहीं रहतीं. हाल ही में एक मीम पेज ने उनके नाम से राहुल गांधी को लेकर एक बेहद आपत्तिजनक और फर्जी पोस्ट शेयर की, कंगना ने न केवल इस खबर का खंडन किया, बल्कि राजनीति में महिलाओं के सम्मान को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने साफ कर दिया है कि वह ऐसी घटिया हरकतों को नजरअंदाज करने वाली इंसान नहीं हैं.
कंगना का फूटा गुस्सा
सोशल मीडिया पर इन दिनों राघव चड्ढा के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के बीच एक मीम पेज ने कंगना रनौत का एक कथित फर्जी कमेंट शेयर कर दिया. इस पोस्ट में दावा किया गया कि कंगना ने कहा है, 'अगर राहुल गांधी भाजपा में शामिल होते हैं, तो मैं उनसे शादी करने को तैयार हूं.' जैसे ही यह पोस्ट कंगना की नजर में आई, उन्होंने इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर रीशेयर करते हुए इसकी धज्जियां उड़ा दीं.
कंगना ने लिखा कि यह फर्जी खबर बेहद घटिया है और राजनीति में भी महिलाओं के लिए कोई गरिमा नहीं बची है. उन्होंने इस तरह के झूठ फैलाने वालों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्हें अपनी इन हरकतों पर शर्म आनी चाहिए.
'क्वीन' के सीक्वल की तैयारी और व्यस्त शेड्यूल
वर्क फ्रंट की बात करें तो अपने राजनीतिक करियर के साथ-साथ कंगना एक्टिंग के मोर्चे पर भी काफी एक्टिव हैं. इन दिनों वह अपनी सुपरहिट फिल्म 'क्वीन' के सीक्वल पर काम कर रही हैं. फिल्म के डायरेक्टर विकास बहल ने इसके लिए तीन महीने का एक बहुत ही टाइट शेड्यूल तैयार किया है.
फिल्म के नाम को लेकर सस्पेंस
इस फिल्म के टाइटल को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है. जानकारी के अनुसार, मेकर्स इस फिल्म का नाम 'क्वीन 2' रखने के पक्ष में नहीं हैं. इसकी जगह फिल्म का नाम 'क्वीन फॉरएवर' (Queen Forever) रखा जा सकता है. मेकर्स को लगता है कि यह नाम फिल्म की थीम के हिसाब से ज्यादा सटीक और प्रभावशाली है. हालांकि, अभी तक फिल्म के आधिकारिक नाम की घोषणा होना बाकी है. फिलहाल कंगना अपने इस प्रोजेक्ट को लेकर पूरी तरह समर्पित नजर आ रही हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क