जूही चावला के बच्चे अपनी जिंदगी के नए पड़ाव की ओर आगे बढ़ गए हैं. उनके दोनों ही बच्चों ने अपनी ग्रेजुएशन पूरी कर ली है. एक्ट्रेस की बेटी जाह्नवी साल 2023 में यूनिवर्सिटी पास आउट हुईं. अब उनके बेटे अर्जुन ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई पूरी की है. इस खास मौके को जूही चावला ने भी अपनी पूरी फैमिली के साथ सेलिब्रेट किया है.
इतने आगे पहुंचे जूही के बेटे अर्जुन
इंस्टाग्राम पर जूही चावला ने अपने बेटे अर्जुन मेहता के कॉन्वोकेशन डे की फोटोज-वीडियो शेयर की हैं. यूनिवर्सिटी से पास आउट होने के साथ-साथ अर्जुन अमेरिका की सबसे एलीट फी बीटा कप्पा (Phi Beta Kappa) सोसाइटी में भी शामिल हो गए हैं. ऐसे में उनकी मां को अपने बेटे की तरक्की पर काफी गर्व महसूस हुआ है.
जूही चावला ने लिखा- कोलंबिया यूनिवर्सिटी 2026 और एलीट फी बीटा कप्पा सोसाइटी में भी शामिल हो गए... बहुत-बहुत बधाई अर्जुन. चलो... अब छुट्टी. एक्ट्रेस की फोटोज में उनका पूरा परिवार- बेटी जाह्नवी, पति जय मेहता और बाकी घरवाले भी नजर आ रहे हैं. सभी अर्जुन मेहता के लिए काफी खुश हैं.
अमेरिका की फी बीटा कप्पा सोसाइटी में शामिल होना एक बहुत बड़ी बात मानी जाती है. जूही चावला के बेटे को सबसे पुरानी और बहुत नामी वाली सम्मान संस्था में चुन लिया गया है. ये सदस्यता सिर्फ उन बच्चों को मिलती है जिनकी पढ़ाई बहुत ही शानदार रही हो, खासकर आर्ट्स और साइंस सब्जेक्ट्स में. यूनिवर्सिटी में ये बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जाती है. इसे पढ़ाई में कमाल करने का बड़ा सम्मान समझते हैं.
उसी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हुआ बेटा, जहां पढ़ी है बेटी
जूही की बेटी जाह्नवी मेहता भी कोलंबिया यूनिवर्सिटी से पढ़ चुकी हैं. उन्होंने साल 2019 से 2023 तक वहां आर्ट्स की फील्ड में बैचलर्स डिग्री हासिल की. फिर उसी यूनिवर्सिटी में जाह्नवी ने स्पोर्ट्स और फिटनेस मैनेजमेंट में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री पाई. जाह्नवी अब अपनी मां जूही चावला की आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए जी-जान से काम करती नजर आती हैं. IPL ऑक्शन के दौरान उन्हें वहां अपनी समझ और सूझ-बूझ से प्लेयर्स का चयन करते देखा गया है.
जूही चावला ने साल 1995 में बिजनेसमैन जय मेहता संग प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी. इसके बाद उन्होंने साल 2001 में बेटी जाह्नवी को जन्म दिया, फिर दो साल बाद उनके बेटे अर्जुन का जन्म हुआ.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क