शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय की फिल्म 'जोश' बॉलीवुड की यादगार फिल्मों में गिनी जाती है. रोमांटिक एक्शन ड्रामा फिल्म में एक्टर पुनीत वशिष्ठ ने सपोर्टिंग एक्टर की भूमिका में थे. वो शाहरुख खान के दोस्त बने थे. अब उन्होंने अपने इस रोल पर चुप्पी तोड़ी है. एक्टर ने खुलासा किया है फिल्म में उनके कई सीन्स काट दिए गए थे, जिसका उनके करियर पर बुरा असर पड़ा.
पूनम सचदेवा के शो 'दिल से दिल की बातें' के दौरान पुनीत वशिष्ठ ने सुपरस्टार शाहरुख खान पर कई आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि शाहरुख खान उनसे इनसिक्योर थे, इसलिए उन्होंने फिल्म से उनके सीन्स कटवा दिए थे. पुनीत ने कहा कि एक एक्टर का बेटा होने के नाते मैं शाहरुख खान का विश्लेषण कर सकता हूं. मैं उन्हें एक महान अभिनेता नहीं कहूंगा, लेकिन वो एक क्रिएटिव और एनर्जेटिक सुपरस्टार हैं. वो बहुत एंटरटेनिंग हैं. उन्होंने जो फेज देखा है, उसके बाद उनकी एनर्जी और क्रिएटिविटी को सलाम है.
पुनीत ने कहा कि फिल्म 'जोश' में मेरे काफी सीन्स काट दिए गए थे. मैंने शाहरुख भाई को डांस में ट्रेन किया था और वो मेरी एनर्जी को अच्छी तरह जानते थे. जब डायरेक्टर मंसूर खान शॉट्स लेते थे, तब शाहरुख अपनी एनर्जी के लिए जाने जाते थे. शाहरुख 10 फीट की छलांग मारते थे, तो मैं अपनी एनर्जी में 14 फीट की छलांग मार देता था. इस वजह से सबका ध्यान मेरे ऊपर जा रहा था, इसलिए मेरे सीन्स काट दिए गए थे. अगर मैं भी उनकी जगह होता, तो शायद यही करता. हालांकि मुझे नहीं लगता कि मैं वैसा इंसान हूं. उस वक्त सब कुछ तेजी से आगे बढ़ रहा था, तो रास्ते में जो भी आया उसे कट, कट, कट... करके काट दिया गया.
पुनीत को लगी शराब की लत
हालांकि, पुनीत ने अपनी गलतियों को भी स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि उस वक्त मुझमें बचपना भी था. लेकिन 'जोश' से मुझे बहुत कुछ मिला और आज भी लोग मुझे प्यार देते हैं. जब मैंने 'जोश' की थी, तब मैं सिर्फ 20 साल का था. जो काम चार महीने में होना था, उसमें साढ़े चार महीने लग गए. मेरी नादानी बस यह थी कि मैंने इस बात पर ध्यान दिया कि मैंने क्या खोया, न कि इस बात पर कि मुझे क्या मिला.'
पुनीत वशिष्ठ ने आगे खुलासा किया कि उस दौर में इंडस्ट्री में पनप रहे ग्रुप्स ने उनकी एनर्जी और टैलेंट को आगे बढ़ने से रोक दिया था, जिसकी वजह से उन्हें साइडलाइन कर दिया गया. एक्टर का कहना है कि टैलेंट और कॉन्फिडेंस होने के बावजूद उन्हें अपनी काबिलियत साबित करने का मौका नहीं मिला. इस वजह से वो डिप्रेशन में चले गए थे. उन्हें शराब की लत लग गई थी. हालांकि, अब वो अपने उस मुश्किल दौर को अपनी जिंदगी के एक सफर के रूप में देखते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क