Honey Singh Controversy: मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं. दिल्ली में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान उनकी आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसके बाद लोगों ने जमकर नाराजगी जताई और मामला पुलिस तक पहुंच गया. अब इसी मामले में हनी सिंह महाराष्ट्र साइबर सेल के सामने पेश हुए हैं. आखिर उन्होंने ऐसा क्या कहा था, जिस पर इतना बवाल मचा? आइए जानते हैं पूरा मामला.
क्या है हनी सिंह से जुड़ा पूरा मामला?
यह मामला जनवरी 2026 में दिल्ली में आयोजित नानकू और करुण के कॉन्सर्ट से जुड़ा है. इस कार्यक्रम में हनी सिंह भी पहुंचे थे. शो के दौरान उन्होंने दिल्ली की ठंड का जिक्र करते हुए गाड़ी में इंटीमेट होने की बात कही थी. साथ ही कंडोम इस्तेमाल करने और सेफ फिजिकल रिलेशन बनाने की सलाह भी दी.
उनकी इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. कॉन्सर्ट में मौजूद लोग उनकी बात पर हंसते और तालियां बजाते दिखाई दिए, लेकिन इंटरनेट पर कई लोगों ने उनकी भाषा को अशोभनीय बताया. वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर ट्रोल्स की बाढ़ आ गई. कुछ यूजर्स ने लिखा कि यह 'स्टेज एटीकेट' के खिलाफ है, तो कुछ ने सवाल उठाया कि 'क्या यह सब नशे के असर में कहा गया था.' कई लोगों ने यह भी कहा कि 'युवाओं पर ऐसे बयानों का गलत असर पड़ता है और कलाकारों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए.'
हनी सिंह ने मांगी थी माफी
विवाद बढ़ने के बाद हनी सिंह ने वीडियो जारी कर अपनी बात की सफाई दी थी. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उनकी मुलाकात स्त्री रोग विशेषज्ञों और सेक्सोलॉजिस्ट से हुई थी. बातचीत के दौरान उन्हें युवाओं में असुरक्षित यौन संबंधों के कारण फैलने वाले संक्रमणों को लेकर चिंता के बारे में पता चला था.
हनी सिंह के मुताबिक, उन्होंने युवा दर्शकों को सुरक्षित संबंध बनाने और कंडोम इस्तेमाल करने का संदेश देने की कोशिश की थी. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि अपनी बात रखने के लिए इस्तेमाल की गई भाषा कई लोगों को बुरी लगी. उन्होंने इसके लिए माफी मांगी और भविष्य में अपने शब्दों को लेकर ज्यादा सावधान रहने की बात कही.
महाराष्ट्र साइबर सेल तक कैसे पहुंचा मामला?
हनी सिंह की टिप्पणी को लेकर एक शिकायत दर्ज कराई गई थी. इसके बाद महाराष्ट्र साइबर सेल ने मामले में जांच शुरू की और रैपर को पूछताछ के लिए समन भेजा.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हनी सिंह इससे पहले जारी समन पर पेश नहीं हुए थे और उन्होंने अतिरिक्त समय मांगा था. अक्टूबर में उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया गया. 16 अक्टूबर को साइबर सेल ने उनकी 22 अक्टूबर तक का समय देने की मांग खारिज कर दी. इसके बाद हनी सिंह जांच एजेंसी के सामने पेश हुए.
फिलहाल मामला जांच के अधीन है. साइबर सेल के सामने पेश होने का मतलब यह नहीं है कि हनी सिंह को दोषी ठहरा दिया गया है. जांच एजेंसी शिकायत और कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है. आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाली जानकारी पर निर्भर करेगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क