प्राइम वीडियो के नए रियलिटी शो 'अलायंस' ने आते ही सुर्खियों में है. कुणाल खेमू द्वारा होस्ट किए जा रहे इस शो के पहले ही एपिसोड ने दर्शकों को अपनी तरफ खींच लिया है. इस शो में बॉलीवुड एक्टर और फिल्ममेकर सोहेल खान पहले वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री करने जा रहे हैं. सोहेल के इस रियलिटी शो का हिस्सा बनते ही अब हर तरफ चर्चाएं तेज हो गई हैं. हर किसी के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या सोहेल खान आने वाले समय में अपने भाई सलमान खान के मशहूर और विवादित रियलिटी शो 'बिग बॉस' में भी नजर आएंगे? हाल ही में जब मीडिया ने उनसे सीधे यह सवाल किया, तो सोहेल ने इस पर रिएक्शन दिया.
जब मीडिया ने सोहेल खान से पूछा कि क्या रियलिटी शोज़ में कदम रखने के बाद इन फ्यूचर वे सलमान खान के शो 'बिग बॉस' में दिखाई दे सकते हैं, तो सोहेल ने हंसते हुए इसका जवाब दिया. उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि इस पर पब्लिक का कैसा रिएक्शन होगा और लोग इसे कैसे एक्सेप्ट करेंगे. अगर मैं वहां गया, तो शायद लोग कहेंगे कि 'भाई' का शो है, इसलिए थोड़ा एकतरफा हो रहा है.'
भाई सलमान से जुड़ा डर और जनता की राय
सोहेल ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए एक और मजेदार पहलू सामने रखा. उन्होंने कहा, 'बात सिर्फ लोगों के पक्षपात कहने तक ही सीमित नहीं है, इसका उल्टा भी हो सकता है. हो सकता है कि भाई (सलमान खान) मुझ पर कुछ ज्यादा ही बरस पड़ें और बहुत डांट लगाएं! लोग यह भी सोच सकते हैं कि चूंकि मैं उनका भाई हूं, इसलिए मुझे शो में कुछ ज्यादा ही छूट या लिबर्टी मिल रही है. इसलिए वहां जाना एक अलग ही चुनौती होगी.'
रियलिटी शोज़ में सोहेल का नया सफर
'बिग बॉस' की संभावनाओं पर खुलकर बात करने के बाद सोहेल ने अपने मौजूदा सफर पर भी बात की. उन्होंने बताया कि 'अलायंस' उनके करियर का एक नया मोड़ है. उन्होंने कहा, 'किसी भी शो में बतौर कंटेस्टेंट शामिल होने का यह मेरा पहला एक्सपीरियंस है और यह मेरी शुरुआत है. अगर मुझे इस शो का एक्सपीरियंस अच्छा लगा और चीजें सही रहीं, तो मैं आगे भी इस तरह के शोज में काम करना जारी रखूंगा.'
फिलहाल, सोहेल खान 'अलायंस' में अपने जलवे बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और यह देखना वाकई मजेदार होगा कि उनका यह नया सफर दर्शकों को कितना पसंद आता है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क