बॉलीवुड के 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. उन्होंने रविवार, 5 जुलाई को अपनी लॉन्ग-टाइम पार्टनर गौरी स्प्राट के साथ आधिकारिक तौर पर शादी कर ली है. यह शादी आमिर के मुंबई स्थित बांद्रा वाले घर पर संपन्न हुई. आमिर और गौरी के रिश्ते को लेकर पिछले काफी समय से कयास लगाए जा रहे थे, जिस पर अब हमेशा के लिए मुहर लग गई है.
दोपहर में हुआ शादी का रजिस्ट्रेशन
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कपल ने रविवार दोपहर करीब 12:45 बजे आमिर के घर पर ही शादी का रजिस्ट्रेशन पूरा किया. कोर्ट मैरिज के इस सादे समारोह आमिर के बच्चे इरा खान और जुनैद खान, उनके दामाद नूपुर शिखरे मौजूद थे. इनके अलावा फिल्ममेकर आशुतोष गोवारिकर, अंबानी परिवार के कुछ सदस्य, एक्ट्रेस एली अवराम, पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान और राजनेता राज ठाकरे सहित कुछ बेहद खास रिश्तेदार ही इस पल का हिस्सा बनने पहुंचे.
क्या गौरी स्प्राट ने बदला अपना धर्म?
इस शादी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर एक नई चर्चा ने जोर पकड़ लिया है. लोग लगातार यह सर्च कर रहे हैं कि क्या आमिर खान से शादी करने के लिए गौरी स्प्राट ने इस्लाम धर्म अपना लिया है? हालांकि, इस बात में कितनी सच्चाई है, यह अभी साफ नहीं है. आमिर या गौरी की तरफ से उनके धर्म या धर्म परिवर्तन को लेकर कोई भी आधिकारिक बयान या टिप्पणी सामने नहीं आई है. इसलिए, बिना किसी पुख्ता जानकारी के यह कहना मुश्किल है कि शादी से पहले गौरी ने धर्म बदला है या नहीं.
आमिर खान की तीसरी शादी की चर्चा
यह आमिर खान की जिंदगी की तीसरी शादी है. इससे पहले उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे इरा और जुनैद हैं. रीना से अलग होने के बाद आमिर ने फिल्ममेकर किरण राव का हाथ थामा था, जिनसे उनका एक बेटा आजाद है. साल 2021 में आमिर और किरण ने अलग होने का फैसला किया था. दिलचस्प बात यह है कि रीना और किरण दोनों ने ही आमिर से शादी के बाद अपना धर्म नहीं बदला था और वे अपने-अपने मूल धर्म का ही पालन करती रहीं. तलाक के बाद भी आमिर और किरण के बीच काफी अच्छे रिश्ते हैं और वे मिलकर अपने बेटे की परवरिश कर रहे हैं.
कैसे शुरू हुआ आमिर और गौरी का यह सफर
आमिर और गौरी के रिश्ते की बात करें तो एक्टर ने पिछले साल अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर पहली बार गौरी को मीडिया और दुनिया के सामने इंट्रोड्यूस कराया था. उसी दौरान उन्होंने आधिकारिक रूप से अपने रिश्ते को स्वीकार किया था. इसके बाद से ही गौरी को कई मौकों और पब्लिक इवेंट्स में आमिर के साथ देखा जाने लगा था. खबरों की मानें तो गौरी की आमिर के परिवार और बच्चों के साथ भी काफी अच्छी बॉन्डिंग हो चुकी है.
शादी की पहली तस्वीर आई सामने
इंटरनेट पर इस सीक्रेट वेडिंग की पहली तस्वीर भी सामने आ गई, जिसमें आमिर खान बेहद खुश नजर आ रहे हैं और शादी के कागजात पर साइन कर रहे हैं. वहीं उनके बगल में बैठीं गौरी स्प्राट आइवरी रंग के खूबसूरत पारंपरिक लिबास में बेहद प्यारी लग रही हैं. इस तस्वीर में कपल के साथ आमिर की मां जीनत हुसैन और उनका 15 साल का बेटा आजाद राव खान भी खड़े दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, शादी के बाद अभी तक यह आमिर-गौरी पैपराजी के सामने नहीं आया है और न ही उन्होंने कैमरे के लिए कोई पोज दिया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क