एक इंसान की जिंदगी में कई मुश्किल फेज आते हैं. इनमें से एक होता है अपने पैरों पर खड़े होकर कुछ कर दिखाना. कुछ बनने के लिए हम सभी को कड़ी मेहनत कानी होती है. कुछ लोगों को सफलता जल्दी मिल जाती है तो कुछ को इसके लिए सालों तक भटकना पड़ता है. सोचिए आपके करियर की शुरुआत में ही आपको 'बदकिस्मत' या 'पनौती' करार कर दिया जाए तो कैसा लगता होगा. ऐसा ही कुछ एक्ट्रेस दीया मिर्जा के साथ हुआ था.
दीया मिर्जा के करियर की शुरुआत काफी दिक्कतों भरी रही थी. उनकी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रहीं. 25 साल पहले जब दीया की डेब्यू फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' रिलीज हुई, तो एक्ट्रेस को उम्मीद थी कि ये उन्हें इंडस्ट्री का चमकता सितारा बना देगी. मगर ऐसा नहीं हुआ. उनकी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई थी. हाल ही में इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में दीया मिर्जा ने बताया कि इसके बाद उन्हें 'पनौती' कहकर पुकारा जाने लगा था. सालों बाद डायरेक्टर राजकुमार हिरानी की फिल्म 'संजू' ने उनके लिए सब कुछ बदल दिया.
दीया को बोला गया पनौती
दीया मिर्जा ने कहा, 'मुझे लगता है कि मैंने मेरे लिए बनी सबकी धारणा को तोड़ दिया और अपनी खुद की पहचान बनाई. जब मैंने शुरूआत की थी, तब मेरी तुलना लगातार ऐश्वर्या राय से की जा रही थी. मुझे याद है कि कई मौके मेरे हाथ से निकल गए थे. फिर मेरी बड़ी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रहीं. और इससे क्या होता है? आप बेरोजगार हो जाते हो. जो लोग पहले आपको साइन करने के लिए लाइन लगाते थे, वे अचानक आपको पनौती समझने लगते हैं, बदकिस्मत है. मैं इन सब से गुजरी हूं.'
एक्ट्रेस ने आगे बताया कि डायरेक्टर राजकुमार हिरानी की फिल्म 'संजू' ने उनके करियर को कैसे मोड़ दिया. उन्होंने कहा, 'हमेशा से मेरा मन ज्यादा काम करने का रहा है, और मुझे लगता है कि पिछले दस सालों में, खासकर संजू के बाद ये हुआ. मुझे वो फोन कॉल याद है जो मैंने राजकुमार हिरानी को किया था, जब वे फिल्म की कास्टिंग कर रहे थे. मैं उनके साथ पहले ही लगे रहो मुन्नाभाई में काम कर चुकी थी. मैंने उनसे कहा, 'प्लीज मुझे काम दीजिए. मुझे कोई काम नहीं मिल रहा है. मैं स्ट्रगल कर रही हूं. कोई मुझे जॉब नहीं दे रहा. आप ये फिल्म कर रहे हैं, मैं वादा करती हूं कि स्क्रीन टेस्ट दूंगी, जो भी आप कहेंगे वो करूंगी, लेकिन प्लीज मुझे ये जॉब दे दीजिए.' और उन्होंने कहा, 'मैं रणबीर और बाकी टीम से बात करता हूं और आपको बताता हूं. कुछ ऐसा है जिसमें मुझे लगता है कि तुम अच्छी हो सकती हो.' और फिर मैंने संजय दत्त की पत्नी मन्यता का रोल किया. वो मेरे लिए लाइफसेवर साबित हुआ.'
बिजी हैं दीया मिर्जा
2026 का साल दीया मिर्जा के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है. इस साल उनके चार प्रोजेक्ट्स रिलीज होने वाले हैं. दीया एक राइटर के रूप में डेब्यू कर रही हैं. उन्होंने बच्चों के लिए एक किताब लिखी है. इसके अलावा उन्हें सनी देओल, अक्षय खन्ना और तिल्लोतमा शोम के साथ फिल्म 'इक्का' में, नवाजुद्दीन सिद्दीकी के साथ एक वेब सीरीज में और जिमी शेरगिल के साथ एक और प्रोजेक्ट में देखा जाएगा. दीया, एक्टर राहुल भट के साथ एक अनटाइटल्ड फिल्म भी कर रही हैं.
aajtak.in