दीया मिर्जा इन दिनों हर बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनती नजर आ रही हैं. नेटफ्लिक्स पर आई सीरीज ऑपरेशन सफेद सागर में उन्होंने एक अहम रोल निभाया. फिर सनी देओल की इक्का में भी वो दिखाई दीं. दीया सोशल मीडिया पर भी चर्चाओं में बनी रहती हैं. सोहा अली खान के पॉडकास्ट में उन्होंने मर्दों को लेकर एक विवादित बयान दिया था, जिसके कारण उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. हालांकि ये इकलौता कारण नहीं था जिसकी वजह से उन्होंने लोगों की नफरत का सामना किया.
दीया का 'प्लास्टिक ज्ञान'
दीया ने उसी बातचीत में अपने बेटे अव्यान आजाद रेखी से जुड़ी एक बात बताई थी. उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने एक बार डिलीवरी बॉय से नारियल पानी एक प्लास्टिक बैग में लाने के लिए मना कर दिया था. उन्होंने उसे वो बैग और प्लास्टिक का स्ट्रॉ वापस ले जाने को कहा. एक्ट्रेस ने ये बात भले ही अपने बेटे की सोच पर गर्व महसूस करने के लिए कही हो. मगर लोगों को उनका ये 'प्लास्टिक ज्ञान' बिल्कुल पसंद नहीं आया था.
बेटे के बचाव में दीया
अब दीया मिर्जा ने अपने विवाद पर चुप्पी तोड़ी है. जूम संग बातचीत में एक्ट्रेस ने कहा कि उनके बेटे ने एक ऐसे मुद्दे को उठाया जो लोग अपनी पूरी जिंदगी में नहीं उठा पाते हैं. अपने बेटे अव्यान के बचाव में दीया ने कहा- अब अगर कोई बच्चा ये सीख रहा है कि हम इसका इस्तेमाल नहीं करते, तो जाहिर है सभी ने इसे नारियल बेचने वाले से जोड़ दिया, जबकि बात ऐसी नहीं थी.
'सबसे पहली बात, ये घटना पीक समर सीजन में नहीं हुई थी. इसलिए जो लोग ये सोचकर परेशान हैं कि नारियल बेचने वाला इतनी गर्मी में इस घर तक नारियल पानी प्लास्टिक की थैली में पहुंचाता था और यही उसकी रोजी-रोटी थी, वो असल बात को समझ नहीं रहे हैं. पूरी कहानी के आसपास जो छवि बनाई गई, असली मुद्दा वो था. इसे इस तरह पेश किया गया कि ये अमीरों वाला रवैया है और नारियल बेचने वाले का अपमान है. लेकिन कहानी कहने का मकसद ऐसा बिल्कुल नहीं था और हकीकत भी ये नहीं थी.'
दीया ने आगे कहा- जो लोग मुझे जानते हैं, उन्हें मालूम है कि मैं लोगों के साथ कैसा व्यवहार करती हूं. इसलिए मुझे ये बताने या सफाई देने की जरूरत नहीं है कि मैं इंसानों के साथ कैसा व्यवहार करती हूं. बच्चे ने प्लास्टिक की थैली में रखा नारियल देखा. उसे पता था कि अगर हम ऐसी चीजों को बढ़ावा नहीं देते हैं, तो हमें इन्हें नहीं करना चाहिए. बच्चे में इतनी समझ और जागरूकता थी कि उसने कहा कि प्लीज इसे वापस हमारे घर ले जाओ. यहां इसकी इजाजत नहीं है. इसमें किसी का अपमान करने जैसी कोई बात नहीं है.
बता दें कि दीया मिर्जा का बेटा अव्यान आजाद रेखा सिर्फ पांच साल का है. उनका जन्म मई साल 2021 में हुआ था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क