रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है. इसने दुनियाभर में करोड़ों का कलेक्शन कर लिया है. पिक्चर में कई बढ़िया कलाकारों ने काम किया है, जिसमें मुस्तफा अहमद का नाम शामिल है. 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी में अंडरकवर एजेंट का रोल निभाने से पहले मुस्तफा अहमद सेलिब्रिटी ट्रेनर थे. उन्होंने रणवीर सिंह समेत विक्की कौशल और ऋतिक रोशन जैसे स्टार्स को ट्रेनिंग दी है. अब उन्होंने एक्टर्स की डाइट के बारे में दिलचस्प बातें बताईं.
रणवीर ने की जबरदस्त ट्रेनिंग
'धुरंधर' में रणवीर सिंह के राइट-हैंड मैन के रिजवान का रोल कर मुस्तफा अहमद चर्चा में बने हुए हैं. मुस्तफा ने अब रणवीर सिंह की ट्रेनिंग के बारे में भी बताया है. हिंदुस्तान टाइम्स संग बातचीत में एक्टर ने कहा, 'रणवीर को ट्रेन करना बहुत मजेदार है. उनकी एनर्जी तो पूरी दुनिया जानती है. उन्हें वेट ट्रेनिंग बहुत पसंद है. रणवीर के शब्दों में कहूं तो 'सर, लोहा तोड़ते हैं'. दिन में दो ट्रेनिंग सेशन्स, करीब 4-5 हफ्ते. इसी से हमने रणवीर को ऐसा लुक दिया कि लगे वे सिर्फ अपने हाथों से किसी को फाड़ सकते हैं.'
रणवीर सिंह की पसंद के बारे में उन्होंने आगे कहा, 'मैं आपको बता दूं कि नटेला (Nutella) की बात हो तो रणवीर सिंह उसे सूंघकर ढूंढ निकालते हैं. वे सीधे जाकर देख लेते हैं कि नटेला कहां है.' उन्होंने आगे बताया, 'आदित्य सर का ऑर्डर था कि रणवीर को धुरंधर में बेस्ट दिखना है, लेकिन वे स्टिफ नहीं लगने चाहिए. शूटिंग शुरू होने से पहले हमारे पास बहुत कम समय था. उस समय रणवीर का वजन सिर्फ 75-76 किलो था. पहले शूटिंग के दिन वे 87 किलो के हो गए थे. हमें बहुत ज्यादा खाना पड़ा.'
ऋतिक हैं असली फूडी
मुस्तफा अहमद ने बातचीत में यह भी बताया कि उनके ज्यादातर क्लाइंट बहुत बड़े फूडी हैं. ऋतिक रोशन के बारे में उन्होंने कहा, 'वे बहुत खा सकते हैं. मैंने उन्हें 13-14 घी लगी रोटियां खाते देखा है. वे सिर्फ इसलिए रुके क्योंकि अगली रोटी लाने में थोड़ा समय लग रहा था. वे पूरे के पूरे फूडी हैं.'
'अश्वत्थामा' फिल्म के लिए विक्की कौशल को ट्रेन करने वाले मुस्तफा ने 'छावा' स्टार के बारे में बताया कि उनका मेटाबॉलिज्म जबरदस्त है. उन्होंने मजाक में कहा, 'विक्की कौशल ईंट खा लें तो भी पचा लेंगे. मुझे नहीं पता उनका मेटाबॉलिज्म कैसा है. उनके लिए वजन बढ़ाना या मसल्स बनाना बेहद मुश्किल है. विक्की कुछ भी खा लें और पचा लेते हैं.'
'धुरंधर' फ्रेंचाइजी की बात करें तो इसने दुनियाभर में 3000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. कमाई के मामले में ये भारत की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी बन गई है. 'धुरंधर 2', 1000 करोड़ क्लब में जाने वाली पहली पिक्चर है. इसने ढेरों रिकॉर्ड बनाए हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क