Daler Mehndi Controversy: 'इस्तीफा दे दूंगा...दलेर मेहंदी से माफी नहीं मांगूंगा', अड़ गए मंत्री सुबोध उनियाल

दलेर मेहंदी विवाद में उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल ने बड़ा बयान दिया है. बोले- पार्टी ने माफी मांगने को कहा तो इस्तीफा दे दूंगा, लेकिन झुकूंगा नहीं.

Advertisement
दलेर से माफी नहीं मांगेंगे मंत्री (Photo: Screengrab) दलेर से माफी नहीं मांगेंगे मंत्री (Photo: Screengrab)

अंकित शर्मा

  • देहरादून,
  • 03 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 9:14 PM IST

दलेर मेहंदी के साथ हुई बहस का विवाद उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल का पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रहा है. अब मंत्री ने इस पूरे मामले पर ऐसा बयान दे दिया है, जिसने सियासी गलियारों में फिर हलचल मचा दी है. सुबोध उनियाल ने साफ कह दिया है कि अगर पार्टी आलाकमान उनसे माफी मांगने के लिए कहेगा, तो वह माफी मांगने के बजाय इस्तीफा देना पसंद करेंगे. उनके लिए मंत्री पद से ज्यादा आत्मसम्मान मायने रखता है.

Advertisement

उनियाल ने यह बात रविवार को देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर स्थित त्रिशूल शूटिंग रेंज में आयोजित 35वीं ऑल इंडिया जी.वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप-2026 के दौरान कही. कार्यक्रम में मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि पार्टी के बड़े नेताओं ने उनसे माफी मांगने को कहा था, लेकिन उन्होंने इसके लिए तैयार होने से इनकार कर दिया. उनके इस बयान के बाद दलेर मेहंदी वाला पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है.

दलेर मेहंदी के साथ मंच पर हुई थी तीखी बहस

पूरा मामला 18 अक्टूबर 2026 का है. टिहरी के नई टिहरी में मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम में पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी अपनी प्रस्तुति दे रहे थे. इसी दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक के गाने के तरीके पर नाराजगी जाहिर करने लगे.

Advertisement

मंत्री ने दलेर मेहंदी पर नशे में होने और लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक करने का आरोप लगाया. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपये दिए गए हैं, तो फिर इस तरह की प्रस्तुति क्यों दी जा रही है. इसी दौरान पंजाबी सिंगर मनिंदर बुट्टर के पिता को लेकर भी मंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप लगे.

मंच पर हुई इस बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बॉलीवुड और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के कई सितारे भी इसमें कूद पड़े.

मीका सिंह ने मांगी माफी, कई सितारे आए दलेर के समर्थन में

दलेर मेहंदी के भाई और मशहूर सिंगर मीका सिंह ने मंत्री के व्यवहार पर नाराजगी जताई. उन्होंने सुबोध उनियाल से माफी मांगने की मांग की. इसके बाद अनुपम खेर, कपिल शर्मा और बादशाह जैसे कलाकार भी दलेर मेहंदी के समर्थन में सामने आए.

मामला बढ़ता देख उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी और मीका सिंह से बातचीत की और विवाद को शांत कराने की कोशिश की. मीका सिंह ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री ने मंत्री की ओर से माफी मांगी है.

पहले भी माफी मांगने से कर चुके हैं इनकार

Advertisement

27 अक्टूबर को सुबोध उनियाल ने माफी मांगने की खबरों को खारिज कर दिया था. उन्होंने साफ कहा था कि जब उन्होंने कोई गलती ही नहीं की, तो माफी मांगने का सवाल कहां उठता है. इस बीच मनिंदर बुट्टर ने भी मंत्री के बयान की आलोचना की थी.

अब एक बार फिर सुबोध उनियाल ने मंच से माफी और इस्तीफे को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है. उनका कहना है कि अगर उनसे माफी मांगने के लिए कहा गया, तो वह पद छोड़ना पसंद करेंगे.

फिलहाल उनके इस बयान ने दलेर मेहंदी विवाद को फिर हवा दे दी है. अब देखना होगा कि इस पूरे मामले पर पार्टी आलाकमान और सरकार का अगला कदम क्या होता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »