'कश्मीर को सहानुभूति दें, उसका दर्द न बेचें', अजय की 'चौहान' से खफा हुए सांसद आगा रुहुल्लाह मेहदी

बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन की फिल्म 'चौहान' का टीज़र रिलीज होते ही विवादों में घिर गया है. फिल्म में कश्मीर और पत्थरबाजी को दिखाने के अंदाज पर श्रीनगर के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने तीखी नाराजगी जताई है. सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए सांसद ने जियो स्टूडियोज और फिल्ममेकर्स की आलोचना की है.

Advertisement
अजय देवगन की 'चौहान' से नाराज श्रीनगर के सांसद (Photo: X/@Office_ASRM; Screengrab) अजय देवगन की 'चौहान' से नाराज श्रीनगर के सांसद (Photo: X/@Office_ASRM; Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 3:00 PM IST

बॉलीवुड स्टार अजय देवगन की फिल्म चौहान का टीज़र हाल ही में सामने आया था, जिसकी काफी चर्चा रही. इस फिल्म में अजय एक आर्मी ऑफिसर के रोल में हैं, जो कश्मीर में पत्थरबाजों को कड़ा जवाब देने की तैयारी करता नजर आ रहा है. टीज़र का डिजाइन और अजय के किरदार की प्रेजेंटेशन बहुत चर्चा में रही, लेकिन साथ ही कश्मीर के हालात को स्टीरियोटाइप करके दिखाने के लिए इस टीज़र की आलोचना भी हुई. चौहान के टीज़र के इस अंदाज पर अब श्रीनगर के सांसद आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने भी नाराजगी जाहिर की है.

Advertisement

'कश्मीर को दिखाने का यह तरीका बहुत डिस्टर्बिंग'

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने ऑफिशियल हैंडल से आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने चौहान के टीज़र की आलोचना की. उन्होंने लिखा, 'चौहान का टीज़र हर उस कश्मीरी के लिए बेहद विचलित करने वाला है, जिसके मन में आज भी वे साल जिंदा हैं, जब पैलेट गन दर्द और नुकसान का ऐसा प्रतीक बन गई थी, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती.'

चौहान के टीज़र में अजय का किरदार कहता है कि आंसू गैस, वॉटर कैनन और पैलेट गन पत्थरबाजों को रोकने में नाकाम साबित हुए थे, इसलिए उसने दूसरा तरीका अपनाया जो ज्यादा घातक था.

इस पर मेहदी ने लिखा, 'जिसे फिल्म 'बेअसर' कह रही है, उसने हजारों लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, सिर्फ 2016-17 में ही 6,200 से ज्यादा लोग पैलेट गन से घायल हुए थे. इनमें सैकड़ों लोगों की आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा. कश्मीर के लोग जानते हैं कि इस त्रासदी की असली मानवीय कीमत किसी भी आंकड़े से कहीं ज्यादा बड़ी है. जिन लोगों की आंखों की रोशनी चली गई, जिनके शरीर में आज भी पैलेट फंसे हुए हैं और जिन परिवारों के जख्म आज तक नहीं भरे, उनके लिए यह कोई एक्शन सीन या सिनेमैटिक बैकग्राउंड नहीं है. यह उनका जिया हुआ ट्रॉमा है.'

Advertisement

मेहदी ने इस बात पर नाराजगी जाहिर की कि मेनस्ट्रीम सिनेमा कश्मीर को बार-बार ऐसी कहानियों का बैकग्राउंड बनाता है, जिनमें वहां का पूरा समाज सिर्फ विवादों, संदेह और हिंसा के एंगल से दिखाया जाता है. इस तरह का प्रेजेंटेशन उन पूर्वाग्रहों को और मजबूत करता है, जिन्हें तोड़ने की कोशिश कश्मीरी सालों से करते आ रहे हैं.

'कश्मीर का दर्द मत बेचिए'

रुहुल्लाह मेहदी ने चौहान के प्रोडक्शन हाउस जियो स्टूडियोज की आलोचना करते हुए लिखा, 'जब बड़े मीडिया संस्थान और प्रोडक्शन हाउस बार-बार कश्मीर की सिर्फ एक ही तस्वीर सामने रखते हैं, तो यह गंभीर सवाल उठता है कि आखिर किसकी कहानी सुनाई जा रही है? किसके दर्द को जगह मिल रही है और किसकी आवाज अब भी अनसुनी रह जाती है?' अपनी बात खत्म करते हुए उन्होंने लिखा, 'कश्मीर को संवेदनशीलता, ईमानदारी और गरिमा देने की जरूरत है, उसके दर्द को बेचने की नहीं.'

डायरेक्टर नीरज यादव की फिल्म चौहान में अजय देवगन के साथ मोहम्मद जीशान अयूब भी महत्वपूर्ण रोल में हैं, जिनकी आवाज टीज़र में सुनाई दी थी. 1 अक्टूबर 2027 को रिलीज के लिए बन रही चौहान का यह विवाद लगातार आगे बढ़ता जा रहा है. हालांकि, फिल्म की टीम की तरफ से अभी तक कोई सफाई नहीं आई है और नजरें इस बात पर रहेंगी कि यह विवाद किस मोड़ तक पहुंचता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »