फिल्म मैंने प्यार किया सलमान खान के करियर की सबसे बड़ी फिल्म है. इससे उन्हें हर जगह पहचाना जाने लगा था. सलमान फिल्म के लीड हीरो थे, मगर उन्हें अपनी हीरोइन से भी कम फीस मिली थी. भाग्यश्री, जिन्होंने इस फिल्म से डेब्यू किया था उन्हें कहा जाता है कि सलमान से चार गुना पैसे दिए गए थे.
आज के समय में जहां बॉलीवुड हीरोइन्स अक्सर ये शिकायत करती हैं कि उन्हें एक हीरो से कम पैसे दिए जाते हैं. उस बीच आज से लगभग 35 साल पहले भाग्यश्री को सबसे ज्यादा पैसे मिले. रिपोर्ट्स में बताया जाता है कि भाग्यश्री को राजश्री प्रोडक्शन्स ने 1 लाख रुपये फीस के तौर पर दिए थे. वहीं सलमान को सिर्फ 25,000 रुपये मिले थे, जो अपनी दूसरी फिल्म में काम कर रहे थे.
क्यों मिले थे सलमान से ज्यादा पैसे?
हाल ही में भाग्यश्री से इंडस्ट्री में पैसों को लेकर होने वाले भेदभाव पर बात हुई. एक्ट्रेस से ये भी पूछा गया कि क्या उन्हें सलमान से ज्यादा फीस मिलने वाली बात सच है? तो इसपर उन्होंने जूम से कहा- ये सब सप्लाई और डिमांड पर निर्भर करता है, पैसे के मामले में ये बहुत सीधा सा बिजनेस है. एक महिला कितनी भी मेहनत कर ले, अगर प्रोड्यूसर या डायरेक्टर को लगे कि कोई दूसरी लड़की कम पैसे में काम करने को तैयार है, तो वो उसी को ले लेंगे. उस समय उन्हें उस एक्ट्रेस को वही पैसा देना पड़ता है, जितना वो देने को तैयार होते हैं.
'फिर उस एक्ट्रेस को फैसला करना पड़ता है कि वो काम छोड़कर दूसरी को देने दे या नहीं. जब तक महिलाएं आपस में मिलकर ये तय नहीं कर लेतीं कि हमें इतना पैसा मिलना चाहिए, तब तक ये समस्या बनी रहेगी. अकेले कुछ भी नहीं बदलेगा. हमेशा कोई ना कोई ऐसा इंसान मिल जाएगा जो थोड़ा कम पैसे पर या मोलभाव करके पीछे हटने को तैयार हो जाता है, ये आम बात है.'
भाग्यश्री ने आगे अपनी मिलने वाली फीस को बिजनेस स्ट्रेटजी बताते हुए कहा, 'जो आप चाहते हो, वो होता नहीं है और होने वाला भी नहीं है. हमेशा कोई ना कोई अपनी मेहनत, काम और कला पर समझौता करने को तैयार मिल जाएगा. ये मार्केट बहुत अस्थिर और ऊपर-नीचे वाला है. किसी के साथ काम करते समय सिर्फ पैसे की बात नहीं होती. आपको उस व्यक्ति के साथ काम करना भी अच्छा लगना चाहिए.'
बात करें भाग्यश्री के वर्क फ्रंट की, तो वो हाल ही में रितेश देशमुख की फिल्म राजा शिवाजी में दिखी थीं, जिसमें वो छत्रपति शिवाजी महाराज की मां बनी हैं. दिलचस्प बात ये है कि इस फिल्म में भी भाग्यश्री और सलमान दोनों नजर आए, मगर उनका कोई सीन साथ नहीं था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क