असम में मानसून कहर बनकर बरसा है. कई इलाके भारी बाढ़ के कारण बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. कई लोग इस आपदा में मदद के लिए आगे आ रहे हैं. दूर-दूर से असम बाढ़ में पीड़ित लोगों के लिए मदद भेजी जा रही है. लेकिन ग्राउंड लेवल पर भी कुछ लोग हैं, जो लगातार जरूरतमंद लोगों की मदद कर रहे हैं.
बॉलीवुड एक्टर रणदीप हुड्डा इस समय उन्हीं लोगों में से हैं, जो ग्राउंड लेवल पर जाकर असम बाढ़ पीड़ितों का सहारा बन रहे हैं. वो अपने स्तर पर हर संभव कोशिश कर रहे हैं, जिससे अपने घरों में फंसे लोगों को खाना-पानी भेजा जा सके. रणदीप एक नाव की मदद से उन बाढ़ पीड़ित जगहों पर जा रहे हैं.
असम में लोगों की कर रहे मदद
एक्टर ये काम ग्लोबल सिख वॉलंटियर्स के साथ मिलकर कर रहे हैं. असम में बाढ़ से प्रभावित जो भी इलाके हैं, वो वहां जाने की कोशिश कर रहे हैं. रणदीप सोशल मीडिया के जरिए असम में आई बाढ़ की हर अपडेट शेयर कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने एक ताजा वीडियो डाला जिसमें वो दिखा रहे हैं कि कैसे 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन बाढ़ का पानी अभी तक घरों और कई जगहों में भरा हुआ है. वो वहां नाव के सहारे पहुंच रहे हैं.
रणदीप ने कहा- 10 दिन के बाद भी पानी घुटनों के ऊपर है, यहां पर कई सारे परिवार हैं जो फंसे हुए हैं. मुझे दूर से भी नजर आ रहा है, जहां कई लोग फंसे हुए हैं. और भी लोग हमें आवाज लगा रहे हैं. इस एक ट्रिप में नाव के अंदर लाया सारा सामान खत्म हो गया है, हमें दूसरी ट्रिप में और सामान लाना होगा. हम अभी किचन सेट लाए हैं, यहां पर लोगों के पास राशन काफी पहुंच चुका है. कई लोग मदद के लिए आगे आए हैं. हमने और भी चीजों पर ध्यान दिया है, जो हम बांटने आए हैं. कई लोग इतने अंदर तक पहुंच भी नहीं पा रहे. इसलिए हम जा रहे हैं.
रणदीप हुड्डा के अलावा बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट भी लगातार असम बाढ़ में पीड़ित लोगों के लिए मदद करने की पूरी कोशिश करती दिख रही हैं. वो अपने इंस्टाग्राम के जरिए फंड इकट्ठा कर रही हैं, ताकि पीड़ितों की मदद हो सके. बात करें रणदीप के वर्क फ्रंट की, तो वो जल्द श्रद्धा कपूर स्टारर ईठा में नजर आएंगे जो 28 जुलाई को रिलीज होनी है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क