अनुपम खेर को कंघी बेच रहा था बुजुर्ग शख्स, सुनकर हंसे, फ‍िर दिए 500 रुपये

अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डाला है, जिसमें वो सड़क के किनारे कंघी बेच रहे आदमी से मिलते हैं. वो एक दयालु भाव से उसे 500 रुपये देते हैं और हमेशा हंसते रहने की बात कहते हैं. एक्टर का ये वीडियो लोगों को बेहद पसंद आ रहा है.

Advertisement
अनुपम खेर ने जीता दिल (Photo: Instagram @anupamkher) अनुपम खेर ने जीता दिल (Photo: Instagram @anupamkher)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 08 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:47 PM IST

बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों में से एक अनुपम खेर सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं. एक्टर अक्सर इंस्टाग्राम के जरिए अपने फैंस से रूबरू होते हैं. वो उन्हें अपनी जिंदगी से जुड़ी चीजें दिखाते हैं, जिसे देखकर लोगों को प्रेरणा मिलती है. फिटनेस वीडियोज के अलावा, अनुपम खेर अपनी सीख के लिए भी जाने जाते हैं. अब एक्टर ने एक नया वीडियो शेयर किया है, जिससे वो एक बार फिर लोगों का दिल जीत रहे हैं. 

Advertisement

अनुपम खेर अपनी गाड़ी में बैठकर मुंबई की सड़कों पर निकले थे. वहां एक ट्रैफिक सिग्नल पर वो रुके और उन्हें कंघी वाले राजू मिले, जिन्हें वो काफी समय से जानते हैं. एक्टर ने उनसे मुलाकात की और फैंस को भी उनकी झलक दिखाई. उम्रदराज राजू, पूरी वीडियो के दौरान स्माइल करते रहे और एक्टर की उदारता से खुश दिखे. अनुपम ने बताया कि वो उनसे काफी वक्त के बाद मिल रहे थे. 

खास शख्स से मिले अनुपम खेर

वीडियो में एक्टर ने कंघी वाले राजू से उनका हाल पूछा. आगे जब कंघी वाले ने एक्टर को कंघी खरीदने के लिए कहा, तो उन्होंने अपने मजाकिया अंदाज में कहा कि वो कंघी का इस्तेमाल करके क्या करेंगे. अनुपम खेर ने कहा कि उन्हें राजू से मिलकर काफी अच्छा लगता है. कंघी वाले ने एक्टर से कहा कि वो काफी समय बाद दिखे, जबकि वो रोज उसी ट्रैफिक सिग्नल पर होता है. राजू ये कहकर अपनी बात खत्म ही करते हैं, तभी अनुपम खेर अपनी जेब से 500 रुपये का नोट निकलकर उसे दे देते हैं. कंघी वाले के चेहरे की मुस्कान और बड़ी हो जाती है. एक्टर ने जाते-जाते राजू से कहा कि उन्हें उनकी स्माइल बेहद पसंद है. 

Advertisement

अनुपम खेर ने अपने वीडियो के कैप्शन में एक बेहद दिल छूने वाली बात लिखी. वो कहते हैं- आज बहुत समय बाद ट्रैफिक सिग्नल पर कंघी बेचने वाले राजू से मुलाकात हुई, हर बार उसे देखकर एक अजीब सी खुशी मिलती है. विडंबना देखिए… जिसे कंघी की सबसे कम जरूरत है, वही उससे सबसे ज्यादा अपनापन फ्री में खरीद लेता है. जिंदगी भी शायद ट्रैफिक सिग्नल जैसी ही है...कुछ लोग हरी बत्ती का इंतजार करते रहते हैं, और कुछ लोग लाल बत्ती पर भी मुस्कुराहट बेच लेते हैं. राजू उन्हीं लोगों में से है. भगवान उसे लंबी, खुशहाल और स्वस्थ जिंदगी दे.

एक्टर का ये वीडियो सोशल मीडिया यूजर्स को बेहद पसंद आया है. कई लोगों ने अनुपम खेर की तारीफ की है, जो राजू जैसे लोगों की मदद कर रहे हैं और उनकी कहानी उनतक पहुंचा भी रहे हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement