अक्षय कुमार की कॉमेडी पर कभी किसी को शक नहीं रहा. हेराफेरी, गरम मसाला और मालामाल वीकली जैसी कॉमेडी फिल्में बना चुके प्रियदर्शन की मास्टरी सब पहले भी देख चुके हैं. अक्षय और प्रियदर्शन का कॉम्बो जनता को एक से एक धमाकेदार कॉमेडी फिल्में दे चुका है. मगर इन दोनों को एक बार फिर साथ आने में 14 साल लग गए. इनकी नई फिल्म Bhooth Bangla करीब 24 घंटे में जनता के सामने होगी. पर इस फिल्म से जितनी उम्मीदें हैं, उतने ही डर भी.
क्या लेकर आ रही भूत बंगला?
अक्षय और प्रियदर्शन ने आखिरी बार फिल्म खट्टा मीठा (2010) में काम किया था. भूत बंगला अक्षय और प्रियदर्शन का वो रीयूनियन है, जिसका इंतजार फैन्स के लिए बहुत लंबा रहा है. फिल्म में मंगलपुर नाम की जगह पर, एक बड़ी सी हवेली की कहानी है. अक्षय का कोई कनेक्शन इस हवेली से है और वो इसे छोड़ना नहीं चाहते. वो यहीं शादी-ब्याह करना चाहते हैं. लेकिन मंगलपुर में वधूसुर नाम के एक प्रेत का खौफ है. शादी होती है तो वधूसुर आकर लोगों को उठा ले जाता है. तो अक्षय के चक्कर में हवेली भूत बंगला बन चुकी है और वहां जो कुछ हो रहा है, उसी से कॉमेडी के फव्वारे फूट रहे हैं.
अक्षय के साथ भूत बंगला में परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी भी हैं, जो अपने निधन से पहले ये आखिरी फिल्म शूट कर गए थे. अक्षय के साथ कॉमेडी के इन धुरंधरों का होना अपने आप में हंसी के धमाकों की गारंटी है. ये बात भूत बंगला के ट्रेलर में ही नजर आ रही थी. पर इस ट्रेलर ने ही जनता को एक टेंशन भी दे दी.
भूत बंगला से जनता को क्या है डर?
अक्षय कुमार, राजपाल यादव, असरानी और परेश रावल के किरदार भूत बंगला के ट्रेलर में अपने कुछ आइकॉनिक कॉमेडी सीन्स को दोहराते नजर आए थे. जैसे— अक्षय का डायलॉग 'दीदी डर गई' और राजपाल यादव का डायलॉग 'मैं क्या मंदिर का घंटा हूं'. ऐसे में एक डर ये है कि कहीं फिल्म में सारी कॉमेडी बस प्रियदर्शन की पिछली बेस्ट फिल्मों के दोहराव पर न टिकी हो. नए डायलॉग और माहौल में अगर चालाकी से पिछला रेफरेंस दिया जाए तो थ्रोबैक मजेदार हो जाता है. लेकिन अगर फिल्म में थ्रोबैक ही थ्रोबैक हों, तो कहानी पुराने माल पर ही पूरी तरह निर्भर होने लगती है.
अक्षय और प्रियदर्शन ने भूल भुलैया जैसी तगड़ी हॉरर कॉमेडी फिल्म दी है, जो स्क्रीन पर भूत-प्रेत न दिखाकर भी मूड में खौफ भर देती थी. भूल भुलैया को आज भी जनता उसी स्वाद के साथ एन्जॉय कर लेती है, जैसे 2007 में पहली बार किया था. लेकिन भूत बंगला का हॉरर स्क्रीन पर भूत-प्रेत उतारने पर डिपेंड नजर आ रहा है. ऐसे में फिल्म VFX का काफी सहारा लेगी. जबकि आजकल जनता VFX से इस कदर खार खाने लगी है कि लोग इंडिया के सबसे बड़े फिल्म प्रोजेक्ट रामायण को लेकर भी डाउट में आने लगे हैं. यहां देखें भूत बंगला का ट्रेलर:
वैसे तो अक्षय और प्रियदर्शन का रीयूनियन ही भूत बंगला के लिए थिएटर तक जाने की पर्याप्त वजह दर्शकों को दे देगा. लेकिन वर्ड ऑफ माउथ तभी अच्छा होगा अगर प्रियदर्शन की फिल्म ऊपर बताए तीन खतरों का इलाज पेश करेगी. और अगर ऐसा हो गया, तो भूत बंगला बड़ा कमाल कर सकती है क्योंकि धुरंधर 2 की आंधी भी अब थमने लगी है. भूत बंगला 17 अप्रैल को रिलीज हो रही है, लेकिन 16 अप्रैल को रात 9 बजे के बाद से इसके पेड प्रीव्यू शोज भी हैं. एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है. इंतजार है कि अक्षय का भूत बंगला जनता को कितना एंटरटेन कर पाता है.
सुबोध मिश्रा