बॉलीवुड में किसी भी सितारे के फीके दौर और एक दमदार कमबैक में बस एक वीकेंड का गैप होता है. लॉकडाउन के बाद से बॉक्स ऑफिस पर स्ट्रगल कर रहे अक्षय कुमार ने बिल्कुल अभी-अभी वही वीकेंड देखा है. 16 साल के लंबे गैप के बाद, अक्षय ने कॉमेडी जीनियस प्रियदर्शन के साथ फिल्म भूत बंगला में काम किया है. शुक्रवार को रिलीज हुई भूत बंगला ने अक्षय कुमार को बॉक्स ऑफिस पर ऐसा वीकेंड दिखाया है, जो उन्होंने लंबे समय से नहीं देखा. भूत बंगला की ये सक्सेस सिर्फ अक्षय या उनके फैन्स नहीं, बल्कि बॉलीवुड बिजनेस के लिए भी गुड न्यूज लेकर आई है.
क्यों फिल्म बिजनेस की बहुत बड़ी कड़ी हैं अक्षय कुमार?
90s में आए स्टार्स ने 30 साल तक बॉलीवुड बिजनेस को लगातार ईंधन दिया है. शाहरुख, सलमान और आमिर की तिकड़ी को लोग बड़ी-बड़ी हिट्स देने के लिए याद रखते हैं. इन बड़ी हिट्स से बॉलीवुड के टॉप कलेक्शन की सीलिंग जरूर ऊंची होती चली जाती है. लेकिन खान्स की ये तिकड़ी साल में एक, या ज्यादा से ज्यादा दो फिल्में कर लेती है.
खान्स के अलावा अगर रणबीर कपूर या रणवीर सिंह जैसे रिकॉर्डधारियों को भी गिन लें तो साल में 500-1000 करोड़ कमाने वाली लैंडमार्क फिल्म एक-दो ही आती हैं. जबतक ये फिल्में चलती हैं, फिल्म प्रदर्शकों यानी थिएटर मालिकों की कमाई भी बनी रहती है. साल की इन दो-तीन टेंटपॉल फिल्मों के अलावा फिल्म बिजनेस का क्या? इस सवाल का जवाब हैं अजय देवगन, अक्षय कुमार, आयुष्मान खुराना और कार्तिक आर्यन जैसे स्टार्स— बॉलीवुड का मिडल ऑर्डर.
अक्षय इस मिडल ऑर्डर के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी हैं. अक्षय ने पहली बार 100 करोड़ का लैंडमार्क तीनों खान्स के बाद पार किया था. लेकिन वो सबसे ज्यादा 100 करोड़ कमाने वाली फिल्में दे चुके हैं. अक्षय के अलावा सिर्फ सलमान ने 100 करोड़ कमाने वाली 18 फिल्में दी हैं. खान्स की फिल्में साल में आएं या न आएं, अक्षय की 3-4 फिल्में रहती ही हैं, जबकि इसके लिए वो खूब ट्रोल भी होते रहे हैं.
एक साल में सबसे ज्यादा बॉक्स ऑफिस रेवेन्यू जेनरेट करने वाले स्टार्स की टॉप 3 लिस्ट में, लॉकडाउन से पहले तक अक्षय सबसे परमानेंट नाम थे. 2012 और 2019 में अक्षय सबसे ज्यादा बॉक्स ऑफिस रेवेन्यू जेनरेट करने वाले स्टार भी रह चुके हैं. 2019 में तो अक्षय की 4 फिल्मों ने 750 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन बॉक्स ऑफिस पर जुटाया था. दूसरा कोई बॉलीवुड स्टार उस साल 500 करोड़ तक नहीं पहुंच सका था.
2025 का ही कमाल देखिए— धुरंधर रणवीर सिंह और छावा स्टार विक्की कौशल के पीछे-पीछे, पिछले साल ही अक्षय ने ऑलमोस्ट 500 करोड़ रेवेन्यू बॉक्स ऑफिस पर जेनरेट किया है. छावा फरवरी 2025 में आई थी और धुरंधर, दिसंबर में. सैयारा, महावतार नरसिम्हा, तेरे इश्क में जैसी सरप्राइज बड़ी हिट्स और साउथ से आई कांतारा चैप्टर 1 को हटाकर देखिए... फिल्म बिजनेस की हालत टाइट नजर आने लगेगी! लेकिन अक्षय की 4 फिल्मों ने साल भर थिएटर्स के टिकट काउंटर खुले रखे, भले इन चारों में से कोई भी फिल्म बड़ी हिट नहीं बन पाई.
जिस चीज के लिए ट्रोलिंग, वही अक्षय का हथियार
अक्षय साल भर में 4-5 फिल्में करने के लिए कई बार ट्रोल्स के निशाने पर रहते हैं. लेकिन अक्षय और बॉलीवुड का ये मिडल ऑर्डर न रहे तो एक बड़ी फिल्म से दूसरी बड़ी फिल्म के बीच कितने ही थिएटर्स का काम चलना मुश्किल हो जाए, खासकर सिंगल स्क्रीन थिएटर्स का.
ऊपर से फिल्ममेकर्स और प्रोडक्शन हाउसेज का एक पूरा सर्कल अक्षय और उन जैसे स्टार्स बॉलीवुड के इर्दगिर्द ही बुना हुआ है. ये लोग मिडल बजट में, सोशल कॉमेडी जैसे जॉनर के स्टार हैं, जिसके लिए फैमिली ऑडियंस थिएटर्स में जाती है. छावा जैसी गंभीर या धुरंधर जैसी एडल्ट-रेटेड फिल्में भीड़ तो जुटाती हैं, लेकिन इसमें फैमिली ऑडियंस नहीं जा पाती. इसलिए भूत बंगला का चलना सिर्फ अक्षय और उनके फैन्स ही नहीं, बॉलीवुड बिजनेस के लिए एक अच्छा इशारा है.
भूत बंगला पिछले कई सालों में आई शायद अकेली बड़ी हॉरर कॉमेडी है जो न किसी फ्रेंचाइजी से है, न किसी यूनिवर्स से. अक्षय की ट्रेडमार्क कॉमेडी, और प्रियदर्शन के साथ उनका रीयूनियन सिर्फ भूत बंगला के लिए सक्सेस नहीं लेकर आया. ये ताजा कॉमेडी फिल्मों के कॉन्सेप्ट सोच रहे राइटर-एक्टर्स-डायरेक्टर्स और प्रोडक्शन हाउस को एक उम्मीद भी देगा कि ऐसी जनता अभी भी ऐसी फिल्मों के लिए थिएटर्स आ जा सकती है.
इसलिए भूत बंगला की सक्सेस एक पूरे फिल्ममेकिंग ईकोसिस्टम और बॉलीवुड बिजनेस के लिए भी बड़ी होगी. बस अब नजरें इस बात पर रहेंगी कि शानदार वीकेंड कलेक्शन करके आ रही भूत बंगला सोमवार से शुरू हो रहे वर्किंग डेज़ में कैसा दम दिखाती है.
सुबोध मिश्रा