'काम से पहले मेरा वजन देखते हैं', बोली' 'धमाल 4' एक्ट्रेस अंजलि आनंद

अंजलि आनंद ने इंडिया टुडे/आजतक से बातचीत में बॉडी शेमिंग जैसे गंभीर मुद्दे पर बात की. उन्होंने बताया कि कई बार उनके काम से पहले उनका वजन देखा जाता था. हालांकि अब वो अपने टैलेंट से सबको गलत साबित करने में लगी हुई हैं.

Advertisement
एक्ट्रेस को किया गया जज (Photo: Instagram @anjalidineshanand) एक्ट्रेस को किया गया जज (Photo: Instagram @anjalidineshanand)

अनिता

  • नई दिल्ली,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:06 PM IST

बॉलीवुड में हम पिछले काफी समय से कुछ ऐसी हीरोइन्स को देख रहे हैं, जो एक परफेक्ट फिगर को रीप्रेजेंट करती हैं. लेकिन अंजलि आनंद इंडस्ट्री में अब एक ऐसी एक्ट्रेस बनकर सामने आ रही हैं, जिन्होंने बता दिया है कि अगर टैलेंट हो तो बॉडी से फर्क नहीं पड़ता है. 

अंजलि आनंद इस समय बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बन रही हैं. साल 2023 में करण जौहर की रॉकी रानी की प्रेम कहानी से लेकर अब मल्टी स्टारर फिल्म धमाल 4 में उनका मेन रोल है. हाल ही में अंजलि ने इंडिया टुडे/आजतक से बातचीत में अपनी जर्नी पर बात की. उन्होंने बताया कि कैसे उनका बढ़ा हुआ वजन कई बार उनके काम के आड़े आया. लेकिन अंजलि ने कभी हिम्मत नहीं हारी, बल्कि वो लोगों को गलत साबित करने में लगी रहीं. 

Advertisement

धमाल 4 में दिखेंगी अंजलि

अंजलि ने अपनी आने वाली फिल्म धमाल 4 को मिले प्यार पर कहा- मैं इस वक्त बहुत खुश और इमोशनल हूं. बस यही उम्मीद है कि लोगों को फिल्म पसंद आए और सब कुछ अच्छा हो. मुझे इस फिल्म के बाद और भी अच्छे रोल मिलें. मेरे बारे में जो भी बातें हो रही हैं, मैं चाहती हूं कि आखिर में वही मेरे लिए अच्छी साबित हों. 

जब अंजलि आनंद से पूछा गया कि आज भी फीमेल आर्टिस्ट्स के काम से ज्यादा उनके वजन की चर्चा होती है, तो क्या ये निराशाजनक है? इस पर उन्होंने कहा, 'हां, ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि समाज अभी भी ऐसा ही सोचता है. लोग आज भी मेरे काम से पहले मेरा वजन देखते हैं. जब तक ऐसा होता रहेगा, मैं काम करती रहूंगी ताकि लोगों को साबित कर सकूं कि उनकी सोच गलत है.'  

Advertisement

अंजलि का मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री में अब भी ऐसी औरतों के लिए अच्छे किरदार कम लिखे जाते हैं, जो टिपिकल हीरोइन जैसी नहीं दिखतीं. उन्होंने कहा, 'औरतों के लिए बेहतर किरदार लिखने में अभी लंबा रास्ता तय करना बाकी है. मैं भी यही कोशिश कर रही हूं. जितने ज्यादा लोग मुझे देखेंगे, उनकी सोच उतनी बदलेगी. तब राइटर्स और फिल्ममेकर्स ये समझेंगे कि इस कलाकार की काबिलियत के हिसाब से किरदार लिखा जा सकता है, सिर्फ उसके शरीर को देखकर नहीं.'

क्यों धमाल 4 को लेकर असमंजस में थीं अंजलि?

फिल्म धमाल 4 साइन करने को लेकर अंजलि ने बताया कि उनके मन में शुरुआत में काफी मुश्किलें थी, क्योंकि फिल्म एक ऐसे मुद्दे पर बात करती है जिसके खिलाफ वो हमेशा आवाज उठाती रही हैं.

उन्होंने कहा, 'ये मेरे लिए बड़ी जिम्मेदारी थी. मैं हमेशा ऐसी चीजों के खिलाफ रही हूं जो समाज में गलत हैं. लेकिन फिर मैंने सोचा कि अगर समाज में ये सब हो रहा है, तो फिल्म सिर्फ लोगों को उनकी सच्चाई दिखा रही है. अगर किसी को इससे बुरा लगता है, तो शायद वो खुद भी ऐसा करता है.'

अंजलि ने आगे कहा, 'लोग किसी को मोटा होने पर, किसी को बहुत दुबला होने पर, किसी के रंग पर, किसी के गंजेपन पर, उसके लुक, कपड़ों या ब्रांड तक को लेकर शर्मिंदा करते हैं. शायद ये सब कभी पूरी तरह बंद ना हो, लेकिन हम इन मुद्दों को अलग तरीके से लोगों के सामने रख सकते हैं ताकि उनकी सोच बदले.' 

Advertisement

फिल्मों में फीमेल एक्टर्स के किरदारों पर बोलीं अंजलि

अंजलि आनंद ने मेनस्ट्रीम सिनेमा में औरतों के किरदार को लेकर कहा- पहले मिस मिमी जैसे किरदारों को सिर्फ बर्गर खाते हुए दिखाया जाता था. 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' से पहले 'स्वीटू' जैसे किरदारों को सिर्फ डबल चॉकलेट फ्रैपुचीनो और मफिन खाने वाली लड़की बनाकर दिखाया जाता था.

'उनकी साइड कोई खड़ा नहीं होता था. लेकिन स्वीटू के बाद बदलाव शुरू हुआ. फिर 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में गायत्री जैसा किरदार आया, जिसने अपने लिए आवाज उठाई. आज फिल्मों में महिलाओं को अपनी बात रखने की जगह मिल रही है और वो उस जगह का पूरा इस्तेमाल भी कर रही हैं. बदलाव धीरे-धीरे हो रहा है, लेकिन एक दिन ये हर जगह जरूर पहुंचेगा.'

धमाल 4 के प्रमोशन में झेली ट्रोलिंग

अंजलि ने आगे धमाल 4 के दौरान हुई ट्रोलिंग पर भी रिएक्ट किया. उन्होंने कहा, ;हमें पता था कि ट्रोलिंग होगी, इसलिए हमने इसे ज्यादा महत्व नहीं दिया. जितना ज्यादा आप ट्रोल्स पर ध्यान देंगे, वो उतने ही बढ़ेंगे. अगर उन्हें नजरअंदाज करें, तो यही जिंदगी है. कुछ लोग ट्रोल होते हैं, कुछ उसे संभाल लेते हैं और कुछ नहीं. हम तो सिर्फ ऐसे लोगों की सच्चाई दिखा रहे हैं, जो रोज ये सब झेलते हैं.'

जब उनसे पूछा गया कि ट्रोलिंग के बाद क्या 'धमाल 4' की टीम, अजय देवगन या फिल्म के डायरेक्टर ने उनका हालचाल पूछा, तो अंजलि हंसते हुए बोलीं- शायद उन्हें लगता है कि मैं ऐसी इंसान नहीं हूं जिसे इससे निपटने के लिए अलग से समझाने या संभालने की जरूरत पड़े. उन्हें पता है कि मैं सौ चोटें भी झेल लूं, फिर भी मजबूती से खड़ी रहूंगी. 

Advertisement

बात करें फिल्म धमाल 4 की, तो इसमें अंजलि रितेश देशमुख के किरदार की पत्नी बनी हैं. वहीं अरशद वारसी, जावेद जाफरी, संजीदा शेख, संजय मिश्रा, उपेंद्र लिमये और रवि किशन जैसे एक्टर्स भी फिल्म में मौजूद हैं. ये फिल्म 10 जुलाई को थिएटर्स में लगेगी जिसे इंदर कुमार ने डायरेक्ट किया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »