सुपरस्टार आमिर खान ने यूं तो अपने करियर में कई यादगार फिल्में बनाईं. मगर साल 2001 में आई फिल्म लगान एक ऐसी आइकॉनिक मूवी थी जिसने उनके करियर को नई ऊंचाई दी. आमिर की फिल्म ने तब कई बड़े रिकॉर्ड्स तोड़े थे. बॉक्स ऑफिस पर तो फिल्म ने धांसू कमाई की ही, लेकिन इंटरनेशनल मार्केट में जो तारीफ इसे मिली वो तारीफ के काबिल बात थी.
आमिर की फिल्म 15 जून 2001 को रिलीज हुई थी, जिसे आज 25 साल पूरे हो गए हैं. इस फिल्म से जुड़े यूं तो कई किस्से हैं, जो इस आइकॉनिक फिल्म को बनाने के पीछे की मेहनत दर्शाती है. मगर एक ऐसा किस्सा जावेद अख्तर की तरफ से सुनने मिला, जिसे उन्होंने हाल ही में शेयर किया था.
जावेद अख्तर को मिला था चैलेंज
लगान के 25 साल पूरे होने पर जावेद अख्तर, ए आर रहमान एक खास बातचीत करने बैठे थे. इस स्पेशल इवेंट के दौरान लेजेंडरी राइटर से फिल्म के गानों के पीछे की कहानी सुनी गई. जावेद अख्तर ने बताया कि उन्होंने अपने करियर में कई गाने लिखे, मगर लगान फिल्म का ओ पालनहारे लिखने में उन्हें सबसे ज्यादा चुनौतियों का सामना करना पड़ा.
जावेद अख्तर ने कहा था, 'जब लोग मुझसे पूछते हैं कि कौन-सा एक गाना लिखने में मुझे सबसे ज्यादा मुश्किल हुई, तो मैं हमेशा ओ पालनहारे गाना कहता हूं. क्योंकि इसमें ए आर रहमान साहब की धुन में इतनी शुद्ध भक्ति थी कि कोई भी सुनते ही समझ जाता है कि ये गाना आध्यात्मिक है. मैं खुद नास्तिक हूं, फिर भी मुझे अपने दिल में सच्ची मासूमियत और समर्पण ढूंढना पड़ा. ऐसे गाने चालाकी या हथकंडे से नहीं लिखे जा सकते. इन्हें सिर्फ शुद्धता और सादगी से लिखा जा सकता है.'
इस इवेंट में बैठे ए आर रहमान ने भी जावेद अख्तर की बात में हामी भरते हुए कहा कि वो इस गाने को टाइमलेस बनाना चाहते थे, जो वाकई बना भी. आज भी लगान के इस गाने को कई टीवी सीरियल्स में इस्तेमाल किया जाता है. यहां तक कि सिर्फ इस गाने को ही नहीं, बल्कि लगान के और भी कई सारे गाने हैं जिन्हें हम आज भी कहीं ना कहीं सुनते रहते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क