पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने सिंगर के चार बेहद लोकप्रिय गानों को लाइव कॉन्सर्ट में गाने पर रोक लगा दी है. यह कार्रवाई चंडीगढ़ के रहने वाले प्रोफेसर पंडितराव धरेनवर की शिकायत के बाद की गई है.
इस फैसले के बाद कॉन्सर्ट के आयोजकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे इन गानों को कार्यक्रम की लिस्ट से बाहर रखें और साथ ही कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले बच्चों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें.
इन 4 गानों पर लगाई गई रोक
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, जिन गानों पर बैन लगाया गया है, उनमें दिलजीत के मशहूर ट्रैक 'पटियाला पेग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों फ्रीम' और 'जट्ट फायर करदा' शामिल हैं. कॉन्सर्ट वेन्यू के मैनेजर को साफ तौर पर बता दिया गया है कि 15 नवंबर के शो के दौरान इन गानों पर परफॉर्म नहीं किया जाएगा.
प्रोफेसर की शिकायत के बाद प्रशासन ने उठाया कदम
इंडिया टुडे से खास बातचीत में प्रोफेसर पंडितराव ने बताया कि उन्होंने 1 नवंबर को प्रशासन को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी थी, जिस पर अधिकारियों ने तुरंत एक्शन लिया. नशे के खिलाफ लगातार मुहिम चला रहे पंडितराव ने कहा कि जब सरकार और प्रशासन समाज से नशे को खत्म करने के लिए इतनी मेहनत कर रहे हैं, तो कलाकारों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे इसमें सहयोग करें. हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि लाइव शो में भी शराब, नशे और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गानों पर पूरी तरह से पाबंदी होनी चाहिए.
बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी चिंताएं
अपनी शिकायत में प्रोफेसर पंडितराव ने कॉन्सर्ट में आने वाले बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने बताया कि कॉन्सर्ट के दौरान 120 डेसिबल से अधिक की तेज आवाज और स्टेज की फ्लैशिंग लाइट्स बच्चों के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है. इसके अलावा, उन्होंने यह भी मांग की है कि ऐसे लाइव कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बच्चों को स्टेज पर न बुलाया जाए. पत्र में यह भी साफ लिखा गया है कि 15 नवंबर को होने वाले इस कॉन्सर्ट में 5 साल से बड़े बच्चों ही प्रवेश मिलेगा.
धर्मेंद्र कुमार शर्मा / सना फरज़ीन