बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा के सिर से पिता का साया उठ गया है. 14 फरवरी को उनके पिता सुनील मल्होत्रा का लंबी बीमारी से निधन हो गया. वो लंबे समय से व्हील चेयर पर थे. एक पोस्ट शेयर करते हुए सिद्धार्थ ने अपना दर्द बयां किया.
सिद्धार्थ के पिता मर्चेंट नेवी में कैप्टन हुआ करते थे. दिल्ली में उनका अंतिम संस्कार किया जा चुका है. कियारा आडवाणी भी सिद्धार्थ के साथ मौजूद हैं. पिता की कई यादें शेयर कर सिद्धार्थ ने लिखा- वो बेहद ईमानदार, सिद्धांतों वाले और संस्कारी इंसान थे.
सिद्धार्थ कहते हैं- उन्होंने हमेशा अपने मूल्यों के साथ जीवन जिया, कभी उनसे समझौता नहीं किया. अनुशासन था, लेकिन कठोरता नहीं. ताकत थी, लेकिन अहंकार नहीं. जीवन ने कई कठिन परीक्षाएं लीं, फिर भी वो हमेशा सकारात्मक बने रहे.
मर्चेंट नेवी के कप्तान के रूप में समुद्रों का नेतृत्व करने से लेकर बीमारी का शांत साहस के साथ सामना करने तक, उन्होंने कभी हार नहीं मानी और कभी अपनी गरिमा नहीं खोई.
सिद्धार्थ ने पहली बार बताया कि पिता सुनील को क्या हुआ था, वो पैरालाइज कैसे हुए. पोस्ट में एक्टर लिखते हैं- यहां तक कि जब स्ट्रोक के बाद उन्हें व्हीलचेयर पर रहना पड़ा, तब भी उनका हौसला अडिग रहा.
सिद्धार्थ ने आगे लिखा- पापा, आपकी ईमानदारी ही मेरी सबसे बड़ी विरासत है. आपकी ताकत मुझे हर दिन रास्ता दिखाती है. आपकी सकारात्मक सोच आज भी इस परिवार को जोड़े हुए है.
सिद्धार्थ ने बताया कि सुनील ने नींद में ही अपनी आंखें मूंद ली थी. वो आगे लिखते हैं-आप नींद में ही शांति से हमें छोड़कर चले गए, लेकिन आपके जाने से जो खालीपन आया है, वो कभी नहीं भर पाएगा.
एक्टर पिता को याद कर भावुक हो गए. उन्होंने लिखा- मैं आज जो भी हूं, आपकी वजह से हूं. मैं हमेशा आपके नाम, आपके मूल्यों और आपकी रोशनी को आगे बढ़ाता रहूंगा. लव यू डैड.
सिद्धार्थ ने पिता की कई तस्वीरें शेयर कीं, इनमें से एक शादी के फंक्शन की भी थी. जहां वो कियारा संग पिता का हाथ पकड़ खुशी से झूमते दिखाई दिए.
Photo: Instagram @sidmalhotra