बॉलीवुड फिल्म 'भूत बंगला' रिलीज हो चुकी है. 14 साल के लंबे इंतजार के बाद इस पिक्चर से एक्टर अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन ने अपना कमबैक किया है. इस हॉरर कॉमेडी को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिक्स रिएक्शन मिल रहे हैं.
'भूत बंगला' के चर्चे कई दिनों से हो रहे हैं. इस फिल्म का इंतजार दर्शकों को बेसब्री से था. अब फिल्म की रिलीज के साथ ही इसके एक्टर्स की फीस का खुलासा भी हो गया है. कोईमोई की रिपोर्ट की मानें तो अक्षय कुमार पिक्चर का 28.5% कट घर लेकर गए हैं.
उन्होंने 'भूत बंगला' के लिए 50 करोड़ रुपये फीस ली है. ये पिक्चर की पूरी कास्ट में सबसे ज्यादा फीस है. फिल्म का सबसे ज्यादा स्क्रीनटाइम भी अक्षय का ही रहा है. उनके साथ परेश रावल की जोड़ी भी लंबे वक्त के बाद नजर आई है. परेश ने फिल्म के लिए 2 करोड़ रुपये लिये हैं.
इस फिल्म से पहले एक एक्टर जो सबसे ज्यादा चर्चा में था, वो है राजपाल यादव. दशक पुराने चेक बाउंस केस में जेल की हवा खाने के बाद ये राजपाल की रिलीज हुई पहली फिल्म है. करोड़ों के प्रोजेक्ट्स हाथ में होने का दावा करने वाले कॉमेडियन ने इस फिल्म के लिए 1 से डेढ़ करोड़ रुपये का पेचेक लिया है.
फिल्म 'भूत बंगला' की वजह से कई सितारों के रीयूनियन हुए हैं. अक्षय कुमार-प्रियदर्शन और अक्षय कुमार-परेश रावल की जोड़ी के अलावा अक्षय कुमार और तब्बू को भी लगभग 26 सालों के बाद पर्दे पर साथ देखा गया है. इस फिल्म में काम करने के लिए उन्होंने 2.5 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं.
बंगाली सिनेमा का जाना माना नाम जीशू सेनगुप्ता अब बॉलीवुड में भी खूब फेम कमा रहे हैं. उन्होंने प्रियदर्शन की 'भूत बंगला' में बढ़िया काम किया है. पिक्चर के लिए एक्टर ने 1 करोड़ रुपये फीस ली है.
इस पिक्चर में अक्षय कुमार की हीरोइन वामिका गब्बी हैं. एक्ट्रेस की जोड़ी खिलाड़ी कुमार के साथ पहली बार सिल्वर स्क्रीन पर नजर आई है. दोनों का रोमांटिक गाना वायरल भी हुआ. रिपोर्ट्स की मानें तो वामिका को पिक्चर के लिए 3 करोड़ रुपये फीस मिली है.
इन सभी सितारों के अलावा 'भूत बंगला' में एक्ट्रेस मिथिला पालकर भी नजर आई हैं. फिल्म 'भूत बंगला' के पहले दिन के कलेक्शन पर चर्चा भी शुरू हो गई है. माना जा रहा है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 12 से 15 करोड़ रुपये तक की ओपनिंग कर सकती है.