देश में लोकसभा चुनावों में कुल 543 सीटों के लिए 7 चरणों में होने वाले चुनाव के तहत पहले चरण में गुरुवार को मतदान हुआ. पहले चरण में 20 राज्यों की कुल 91 सीटों को शामिल किया गया. इन 20 राज्यों में से एक उत्तराखंड की सभी पांच सीटों पर सुबह 9 बजे तक 13.34 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई. वहीं 11 बजे तक ये आंकड़ा 23.78 फीसदी, दोपहर 1 बजे तक 41.27 फीसदी, 3 बजे तक 46.59% जो बाद में बढ़कर 57.85% रहा. सुबह राजधानी देहरादून में ईवीएम खराबी की घटना सामने आई थी.
उत्तराखंड की अल्मोड़ा सीट पर सुबह 9 बजे तक 10.70%, दोपहर 11 बजे तक 25.15%, दोपहर 1 बजे तक 36.70% वोटिंग हुई. यहां 48.78% वोटिंग दर्ज की गई. मतगणना 23 मई को होगी.
पिछले चुनाव से तुलना की जाए तो 2014 में उत्तराखंड की पांचों संसदीय सीटों पर 62.15% औसत मतदान हुआ था. और अल्मोड़ा सीट पर ये आंकड़ा 53.22% था.
उत्तराखंड की अल्मोड़ा संसदीय सीट की बात करें तो यहां से कुल 11 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन भरा था. जिसमें से एक ने अपना नाम वापस ले लिया है और 4 का नामांकन रद्द होने के बाद 6 को चुनाव आयोग से हरी झंडी मिल गई है. जिनमें अजय टम्टा(बीजेपी), प्रदीप टम्टा(कांग्रेस), सुदंर धौनी(बीएसपी), केएल आर्या(उत्तराखंड क्रांति दल), द्रोपदी वर्मा(उत्तराखंड क्रांति दल(डेमोक्रेटिक)), एडवोकेट विमल आर्या(उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी) शामिल हैं.
बीजेपी ने वर्तमान सांसद अजय टम्टा को टिकट देकर दोबारा भरोसा जताया है. वहीं कांग्रेस ने भी अपने पिछले बार के उम्मीदवार को चुनावी दंगल में उतारा है. यह सीट अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित है.
उत्तराखंड की कुल पांच सीटों पर 7854023 मतदाताओं में से 4053944 पुरुष, 3711220 महिलाएं और 259 थर्ड जेंडर हैं. इसके लिए 11235 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं.
2014 का जनादेश
2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर का असर इस सीट पर भी देखने को मिला. 2009 में हार का स्वाद चखने वाले अजय टम्टा इस बार 95 हजार 690 वोटों से चुनाव जीते. अजय टम्टा को कुल 3 लाख 48 हजार 186 वोट मिले, जबकि कांग्रेस कैंडिडेट प्रदीप टम्टा को 2 लाख 52 हजार 496 वोट मिले. अजय टम्टा को मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिली और उन्हें कपड़ा राज्य मंत्री बनाया गया.
2014 के लोकसभा चुनाव में इस सीट पर 12 लाख 54 हजार 328 मतदाता थे. इनमें से कुल 6 लाख 56 हजार 525 मतदाताओं ने वोट डाला था. आंकड़ों के मुताबिक इस सीट पर पुरुष मतदाता 3 लाख 12 हजार 965 हैं, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 3 लाख 43 हजार 560 है.
उत्तराखंड में 2009 के चुनावों में 53.33 फीसदी और 2014 में 61.63 मतदान हुआ था. प्रदेश में 2009 के पहले चरण में हुए मतदान की बात करें तो 2009 में ये आंकड़ा 53.33 रहा और 2914 में 61.62 पहुंचा था.
गौरतलब है कि चुनाव के पहले चरण में 18 मार्च को नोटिफिकेशन जारी किए जाने के बाद 25 मार्च को नामांकन की आखिरी तारीख थी. अंतिम चरण में वोटिंग 19 मई को होगी, जिसके बाद पूरे देश के चुनाव नतीजों का ऐलान 23 मई को किया जाएगा.
प्रथम चरण में 91 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में हो रहे चुनावों में 14 करोड़ 21 लाख और 69 हजार से अधिक मतदाता कुल 1279 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने जा रहे हैं. लोकसभा सीटों की संख्या के मामले में पहला चरण सात चरणों में तीसरा सबसे बड़ा चरण है. इस चुनाव के लिए 20 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 1 लाख 70 हजार से अधिक पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. इस चुनाव में 7764 थर्ड जेंडर मतदाता भी मताधिकार का उपयोग करेंगे.
चुनाव की हर ख़बर मिलेगी सीधे आपके इनबॉक्स में. आम चुनाव की ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए करें आजतक का इलेक्शन स्पेशल न्यूज़लेटर
राहुल झारिया