पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान पिंगला निर्वाचन क्षेत्र में एक अजीबोगरीब लापरवाही सामने आई, जहां एक मतदान केंद्र के सभी कर्मचारी वोटिंग के बीच में ही बूथ को बिना किसी की देखरेख छोड़कर चले गए. चुनाव आयोग ने सख्त कार्रवाई करते हुए पूरी पोलिंग टीम को तुरंत निलंबित कर दिया है.
एक अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के पिंगला विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ के सभी मतदान कर्मियों को निलंबित कर दिया. उन्होंने बताया कि इन लोगों पर वोटिंग के दौरान मतदान केंद्र को बिना किसी की देखरेख के छोड़ने का आरोप है.
उन्होंने बताया कि इस मामले में आयोग ने घटना की जांच के आदेश भी दिए और जिला निर्वाचन अधिकारी को रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है.
लंच ब्रेक ने नाम पर लापरवाही
अधिकारी ने बताया कि बूथ नंबर 9 पर तैनात पूरी मतदान टीम दोपहर करीब 12 बजे कथित तौर पर लंच के लिए एक साथ बाहर चली गई, जिससे बूथ कुछ समय के लिए खाली हो गया. उन्होंने ये भी बताया कि सेक्टर अधिकारी भी अनुपस्थित थे.
अधिकारी ने बताया, 'लापरवाही पर गंभीर नजर रखते हुए सभी मतदान कर्मचारियों समेत प्रिजाइडिंग अधिकारी को तुरंत निलंबित कर दिया गया है. एक रिजर्व मतदान दल को तैनात कर दिया गया है. रिजर्व टीम के आने के बाद बूथ पर मतदान सामान्य रूप से हुआ.'
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में राज्य की 152 सीटों पर मतदान हुआ था. इन सीटों पर रिकॉर्ड 92 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई है. जबकि शेष विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग होगी और नतीजे 4 मई को आएंगे.
aajtak.in