यूपी में इन दिनों बीजेपी के एक गोपनीय सर्वे की बडी चर्चा है. तीन स्तर पर चल रहे इस सर्वे में बीजेपी क्या पता लगा रही है और कैसे 61 सीटों के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है. एक तरफ विपक्षी दल दिल्ली में यूपी के चुनावी मुद्दों का रंगमंच सजा रहे हैं. दूसरी तरफ सीएम योगी प्रदेश में मैराथन कार्यक्रमों में जुटे हैं और इनके बीच भारतीय जनता पार्टी सीट दर सीट चुनावी जीत बुनने में जुटी हुई है.
उत्तर प्रदेश में बीजेपी का प्रदेश संगठन नई ऊर्जा और नए लक्ष्य के साथ बीजेपी का ये संगठन अब चुनावी तैयारी में दिन रात जुटा हुआ है. इसी कडी में यूपी की 403 सीटों पर गोपनीय सर्वे की भी शुरुआत हो गई है.
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, इस सर्वे में मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन, जनाधार और जीत की संभावना के तीन स्तरों पर आकलन किया जा रहा है. खासकर लगातार हार वाली 61 सीटों पर बीजेपी विशेष फोकस कर रही है. खबर है कि यूपी में संघ, बीजेपी के कार्यकर्ताओं और जनता के फीडबैक के बाद ही पार्टी अगली चुनावी रणनीति और टिकट के मुद्दे पर विचार शुरू करेगी.
विपक्ष भले बीजेपी की तैयारियों को नजरअंदाज करे लेकिन इस सर्वे में बीजेपी ने न सिर्फ अपनी बल्कि निषाद पार्टी से लेकर अपना दल, लोकदल और एसबीएसपी जैसे गठबंधन में शामिल दलों की सीटों पर भी आकलन कर रही है.
हारी सीटों पर बीजेपी का फोकस
पूर्वी यूपी के आजमगढ, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, मिर्जापुर की 22 सीटें हैं जहां बीजेपी तीन चुनावों से हार रही है. इसी तरह पश्चिमी यूपी में सहारनपुर, मुरादाबाद, बिजनौर जिलों की मुस्लिम दलित बहुल 13 सीटें है जहां नहीं जीत सकी है.
यह भी पढ़ें: यूपी बीजेपी संगठन से कई दिग्गजों की छुट्टी, पार्टी में उनकी अगली भूमिका पर सस्पेंस
अवध और मध्य यूपी के रायबरेली, सुल्तानपुर, प्रतापगढ, बाराबंकी, उन्नाव, हरदोई, फतेहपुर और अंबेडकरनगर जैसे जिलों की 26 सीटें ऐसी हैं जिन पर बीजेपी हारती रही है. इन 61 में 27 सीटों पर बीजेपी का सीधा मुकाबला समाजवादी पार्टी से है जहां वो जीतती रही है.
यूपी में बीजेपी की चुनावी तैयारी का अंदाजा ऐसे लगा सकते हैं कि बीजेपी बाकायदा देश भर में अपने कार्यकर्ताओं की दक्षता मापने के लिए परीक्षाएं तक ले रही है.
बीजेपी ने ली थी कार्यकर्ताओं की परीक्षा
बीजेपी की चुनावी तैयारी केवल धरातल पर ही नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की बौद्धिक और संगठनात्मक दक्षता को तराशने में भी दिख रही है. चुनाव को लेकर पिछले दिनों यूपी ने करीब 22 दिनों तक बीजेपी संगठन से जुडे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की तैयारी के लिए ऑनलाइन परीक्षा तक का आयोजन किया था. इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों से पार्टी के इतिहास और कार्यसंस्कृति पर ऑनलाइन परीक्षा कराई थी. इसमें पूरे देश के बीजेपी कार्यकर्ताओं से परीक्षाएं ली गई लेकिन अव्वल स्थान यूपी के कार्यकर्ताओं ने हासिल किया. इसी महीने 6 से 28 जुलाई के बीच ये परीक्षा आयोजित की गई थी.
यह भी पढ़ें: जाति, जोन और 2027 का समीकरण... यूपी बीजेपी के संगठन में चौंकाने वाले क्या-क्या फैक्टर?
इसमें सरल एप के जरिये कार्यकर्ताओं से ऑनलाइन परीक्षा ली गई. इसमें पार्टी के सभी छह मोर्चों के पदाधिकारियों ने भी परीक्षा में हिस्सा लिया। परीक्षा में संघ और बीजेपी के इतिहास से लेकर संगठन की उपलब्धियों और गठबंधन और चुनावी प्रदर्शन से जुडे सवाल पूछे गए. यूपी से शामिल 5.34 लाख कार्यकर्ताओं ने ये परीक्षा दी जिसमें 4.82 लाख कार्यकर्ता सफल हुए. यूपी के 90 फीसदी से अधिक कार्यकर्ताओं ने सफलता हासिल करते हुए देश में अव्वल स्थान प्राप्त किया
आशीष श्रीवास्तव