तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं. AIADMK से निष्कासित किए गए और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वन (ओपीएस) DMK में शामिल हो गए हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता हासिल की.
DMK में शामिल होने के बाद ओपीएस ने कहा, 'आज मैंने अन्नादुराई की बनाई गई पार्टी डीएमके में खुशी-खुशी शामिल हो गया हूं. इसके लिए डीएमके नेता का धन्यवाद. डीएमके नेता स्टालिन अच्छे से पार्टी चला रहे हैं. ईपीएस के अहंकार और सत्ता के दुरुपयोग ने ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं कि AIADMK कभी चुनाव नहीं जीत सकती.'
ओपीएस ने आगे कहा, 'मुख्यमंत्री स्टालिन ने सुशासन दिया है और राज्य इसे देख रहा है. विशेषकर महिलाएं डीएमके सरकार के परिवार चलाने के लिए दी गई सुविधाओं से खुश हैं. ईपीएस तानाशाही तरीके से पार्टी चला रहे हैं और एआईएडीएमके पतन की ओर अग्रसर है.'
चुनाव लड़ सकते हैं ओपीएस?
दबाव में डीएमके का हिस्सा बनने के सवाल पर ओपीएस ने कहा, 'पिछले कई सालों में झेली गई कड़वाहट के कारण ये फैसला मैंने खुद लिया है. आगामी चुनाव में, अगर स्टालिन मौका देंगे तो मैं चुनाव लड़ूंगा. डीएमके का कोई विरोध नहीं कर सकता.'
स्टालिन ने ओपीएस का DMK में किया स्वागत
DMK चीफ और मुख्यमंत्री स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ओपीएस का स्वागत किया है. उनके साथ तस्वीरें शेयर करते हुए स्टालिन ने लिखा, 'पूर्व मुख्यमंत्री और प्रिय भाई श्री ओ. पन्नीरसेल्वम द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (डीएमके) में शामिल हो गए हैं. मैं उनका हार्दिक स्वागत करता हूं. द्रविड़ आंदोलन के महान नेता के नाम से जाने जाने वाले ये नेता द्रविड़ आंदोलन की विचारधारा की रक्षा के लिए हमारे महान आंदोलन में शामिल हुए हैं.'
स्टालिन ने आगे लिखा कि 2026 का विधानसभा चुनाव तमिलनाडु और फासीवादी बीजेपी के बीच एक लोकतांत्रिक लड़ाई है. इसी समझ के साथ कई लोकतांत्रिक ताकतें डीएमके गठबंधन में शामिल हो रही हैं. हमारे भाई श्री ओ. पन्नीरसेल्वम, जो हमारे साथ जुड़े हैं, एक प्यारे, गुणी और विनम्र व्यक्ति हैं. उनका आगमन कल्याणकारी हो! तमिलनाडु की विजय हो.
अनघा / नागार्जुन