डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने बुधवार को लखनऊ में आयोजित आजतक के खास कार्यक्रम 'पंचायत आजतक' में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए साथ ही 'चढ़ावा चोरी' मामले पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि, चढ़ावा चोरी में जो भी दोषी होगा कानून तो उसे सजा देगा ही साथ ही हनुमान जी की गदा का प्रहार भी उसे सहना होगा.'
डिप्टी सीएम ने बातचीत में समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि, 'सपा का सूर्य अस्त हो रहा है. हमारे पास बूथ स्तर पर कार्यकर्ता हैं, समाजवादी पार्टी के पास बूथ स्तर पर गुंडे हैं.'
श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी के हॉट टॉपिक पर अपनी बात रखते हुए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, 'श्रीराम और राम जन्मभूमि ये बीजेपी के लिए आस्था का विषय है चुनाव का नहीं. ऐसा नहीं है कि मंदिर बन गया था तो हमें 400 वोट मिल गए थे. जिन लोगों ने कारसेवकों को गोलियों से भून दिया था तो उन लोगों को इस मामले में बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है.'
उन्होंने कहा कि 'ये कोई चुनावी मुद्दा नहीं है. इससे बीजेपी का न एक वोट घटेगा न उनका एक वोट बढ़ेगा. ये कोई मुद्दा है ही नहीं. जिसने चोरी की उसके लिए कानून भी है और हनुमान जी की गदा भी है. जांच में जो भी दोषी होगा उस पर पूरी कार्रवाई होगी और मैं आस्थावान हूं, तो ये कह सकता हूं कि हनुमान जी की गदा भी उसे देखेगी. हनुमान जी बैठे हुए हैं, उनकी गदा चलेगी. जिसने खजाने से चोरी की है उसे हनुमान जी की गदा का प्रहार सहना पड़ेगा.'
इस मामले में आगे उन्होंने कहा कि, 'एसआईटी, FIR, कानून भी उसका (चढ़ावा चोरी के दोषी का) हिसाब करेगी. ये पूरी तरह जांच का विषय है, जो दोषी होंगे उन पर कार्रवाई होगी. इससे बीजेपी की सेहत न खराब होने वाली है और जो विरोधी विपक्षी हैं, न ही उनकी सेहत दुरुस्त होगी.'
काशी- मथुरा वाले मामले से जुड़े सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, 'हम तो चाहते हैं कि काशी और मथुरा में भी भव्य मंदिर बन जाए, लेकिन ये मामला कोर्ट में विचाराधीन है, इस मामले में मैं अलग से कुछ नही कह सकता हूं. नौ वर्षों में न कोई दंगा हुआ न कोई कर्फ्यू लगा. सुशासन की जो सरकार चल रही है उसे जनता भी देख रही है और समझ रही है.
aajtak.in