उत्तर प्रदेश की सियासत में बीजेपी के लिए 2027 का विधानसभा चुनाव कई मायनों में अहम माना जा रहा है. 2024 के लोकसभा चुनाव से हुए नुकसान की भरपाई और खिसके जनाधार को वापस लाने के लिए यूपी के बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने कमबैक का प्लान तैयार किया है. बीजेपी का तीन स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलेगा, जिसमें सूबे के कमजोर बूथों से लेकर सामाजिक समीकरणों तक पर फोकस रहेगा.
यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज करने की रणनीति बनाई है. नवंबर और दिसंबर में पार्टी प्रदेश में बड़े पैमाने पर चुनावी अभियान चलाने की तैयारी कर रही है. इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अलग-अलग स्तरों पर चुनावी कार्यक्रमों के जरिए उत्तर प्रदेश के सभी क्षेत्रों तक पहुंच बनाने की कोशिश करेंगे.
मोदी-शाह बनाएंगे यूपी में सियासी माहौल
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने उत्तर प्रदेश में चुनावी अभियान का पूरा खाका तैयार किया है. बीजेपी की कोशिश है कि चुनावी रणनीति केवल बड़ी रैलियों तक सीमित न रहे, बल्कि बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता और मतदाताओं से सीधा संवाद सुनिश्चित किया जाए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्षेत्रीय स्तर पर बड़ी रैलियों के जरिए चुनावी माहौल तैयार करेंगे, जबकि अमित शाह जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने और माइक्रो मैनेजमेंट की जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विधानसभा स्तर पर सघन जनसंपर्क और लगातार चुनावी कार्यक्रमों के जरिए पार्टी के अभियान को आगे बढ़ाएंगे.
यूपी में तीन स्तरों पर चुनावी अभियान
बीजेपी की योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उत्तर प्रदेश के सभी कमिश्नरेट में बड़ी रैलियां आयोजित करने की रणनीति बनाई गई है. इन रैलियों के जरिए पार्टी क्षेत्रीय स्तर पर मतदाताओं तक पहुंच बनाने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को भी सामने रखेगी.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भूमिका जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने की होगी. पार्टी की योजना है कि अमित शाह प्रदेश के सभी जिलों को कवर करते हुए चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लें. इसके जरिए संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और कमजोर क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा.
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विधानसभा स्तर पर पार्टी के अभियान को आगे बढ़ाएंगे. उनकी अगुवाई में विधानसभा क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कार्यक्रम, संगठनात्मक बैठकें और चुनावी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. पार्टी की रणनीति के तहत विधानसभा स्तर तक संगठन के पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि चुनावी अभियान का असर केवल बड़े नेताओं की रैलियों तक सीमित न रहे.
विनोद तावड़े ने तैयार किया चुनावी प्लान
बीजेपी की चुनावी रणनीति में संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समीकरणों को साधने पर विशेष जोर दिया गया है. विनोद तावड़े की ओर से तैयार किए गए अभियान के तहत सभी मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों को भी उत्तर प्रदेश के चुनावी मैदान में उतारने की योजना है. पार्टी की कोशिश है कि बड़े नेताओं के कार्यक्रमों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाई जाए. इसके लिए कमजोर बूथों की पहचान कर वहां विशेष अभियान चलाने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा.
भाजपा की रणनीति के तहत युवा, पिछड़े वर्ग और दलित समुदाय के लोगों की अलग-अलग टीमें तैयार की जाएंगी. इन टीमों के जरिए संबंधित समुदायों के बीच पहुंच बढ़ाने, उनकी समस्याओं को समझने और पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने की कोशिश की जाएगी. इसके अलावा, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करने और उन्हें सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराने की योजना भी बनाई गई है. पार्टी की कोशिश है कि सरकारी योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों के बीच जनसंपर्क बढ़ाकर चुनावी समर्थन मजबूत किया जाए.
नए मतदाताओं पर बीजेपी का विशेष फोकस
भाजपा की चुनावी रणनीति में पहली बार मतदान करने वाले और युवा मतदाताओं को भी खास महत्व दिया गया है. पार्टी की योजना है कि नए मतदाताओं के बीच समाजवादी पार्टी के शासनकाल से जुड़े मुद्दों को उठाया जाए. इसके तहत युवा मतदाताओं से उनके परिवारों के पुराने अनुभवों को साझा करने की अपील की जाएगी.
भाजपा की कोशिश होगी कि परिवारों के अनुभवों के जरिए युवाओं के बीच पिछली सरकार के कार्यकाल को लेकर अपनी राजनीतिक दलील रखी जाए. पार्टी का मानना है कि युवा मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए केवल चुनावी वादों के बजाय उनके परिवारों के अनुभवों और स्थानीय मुद्दों को भी अभियान का हिस्सा बनाना जरूरी है.
सामाजिक चौपालों से साधेगी समीकरण
उत्तर प्रदेश में भाजपा की रणनीति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा सामाजिक चौपालों का आयोजन भी होगा. इन चौपालों के जरिए अलग-अलग सामाजिक और जातीय समुदायों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की योजना है. पार्टी की कोशिश है कि सामाजिक चौपालों के माध्यम से विभिन्न वर्गों की समस्याओं, अपेक्षाओं और मुद्दों को समझा जाए. इसके साथ ही जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग समुदायों के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाई जाए.
भाजपा की रणनीति के तहत स्थानीय स्तर पर सामाजिक प्रतिनिधियों और समुदायों के प्रभावशाली लोगों को भी अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा. इसके जरिए बीजेपी का पूरा फोकस है कि यूपी के चुनाव को सिर्फ जातीय पिच के बजाय धर्म की पिच पर लाया जाए. इस तरह अलग-अलग जातियों में बिखरे हिंदुओं को एकजुट कर सपा के 'पीडीए' का काउंटर करने की रणनीति है.
वोटर लिस्ट को दुरुस्त करने पर भी जोर
बीजेपी चुनावी अभियान के साथ-साथ संगठन में मतदाता सूची को लेकर भी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में है. पार्टी की योजना है कि मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाए और विभिन्न चुनावों की मतदाता सूचियों के बीच समन्वय स्थापित किया जाए.
सूत्रों के मुताबिक, पंचायत चुनाव और लोकसभा चुनाव की अलग-अलग मतदाता सूचियों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि मतदाता सूची से जुड़े काम में संगठन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके. इस पूरी कवायद का उद्देश्य चुनावी तैयारियों के दौरान बूथ स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत करना और मतदाताओं तक पहुंच बनाने में किसी तरह की कमी नहीं रहने देना है.
भेड़-भेड़िये की कहानी से सपा पर निशाना
हाल ही में पार्टी की एक बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विनोद तावड़े ने भेड़ और भेड़िये की कहानी के जरिए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा था. तावड़े ने कहानी सुनाते हुए कहा कि एक भेड़िया भेष बदलकर भेड़ों के झुंड में पहुंचा और उन्हें भ्रमित करने लगा. कुछ भेड़ों ने उसकी बातों पर विश्वास नहीं किया, लेकिन कुछ उसके बहकावे में आ गईं और अंत में भेड़िये ने उन्हें खा लिया.
विनोद तावड़े ने इस कहानी के जरिए समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि वह अपना रंग बदलकर लोगों को भ्रमित करने और उनके बीच घुलने-मिलने की कोशिश कर रही है. भाजपा की चुनावी रणनीति के तहत इस तरह के राजनीतिक संदेशों के जरिए भी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और मतदाताओं के बीच पार्टी का पक्ष रखने की तैयारी है.
नवंबर-दिसंबर में बढ़ेगी चुनावी सरगर्मी
भाजपा की रणनीति के मुताबिक, नवंबर और दिसंबर में उत्तर प्रदेश में चुनावी गतिविधियों का व्यापक विस्तार होगा. प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के अलग-अलग स्तरों पर होने वाले कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पार्टी की मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश की जाएगी.
अपने बड़े नेताओं की रैलियों से लेकर विधानसभा स्तर पर जनसंपर्क, सामाजिक चौपालों, लाभार्थियों से संवाद और कमजोर बूथों पर संगठनात्मक गतिविधियों तक, भाजपा का यह अभियान कई स्तरों पर एक साथ चलाने की तैयारी है. पार्टी की रणनीति का मुख्य जोर चुनावी अभियान को संगठन की जमीनी सक्रियता से जोड़ने पर है, ताकि प्रदेश में बड़े राजनीतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ बूथ स्तर पर भी पार्टी की तैयारियां मजबूत की जा सकें.
पीयूष मिश्रा